
Apple Pay launches in India : अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी एपल ने अब भारतीय पेमेंट मार्केट में आधिकारिक तौर पर डेब्यू कर लिया है। बुधवार को कंपनी ने देश में Apple Pay सर्विस की शुरुआत कर दी है। कंपनी ने बुधवार को कहा कि उसने Axis Bank के साथ मिलकर भारतीय पेमेंट मार्केट में Apple Pay सर्विस लॉन्च की है।
देश में अब तक गूगल पे, फोनपे और पेटीएम जैसे डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म का दबदबा रहा है, लेकिन एपल की एंट्री के बाद यह प्रतिस्पर्धा और बढ़ने वाली है। भारत में एपल यूजर्स इस सर्विस का इस्तेमाल iPhone, iPad और Apple Watch के माध्यम से कर सकते हैं, और जल्द ही Mac के लिए भी इसका सपोर्ट मिलेगा। Apple Pay यूज़र्स पेमेंट करने के लिए ऐप में अपना डेबिट या क्रेडिट कार्ड जोड़ सकते हैं।
कंपनी का कहना है कि “जब कस्टमर्स Apple Pay के साथ कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो असली कार्ड नंबर डिवाइस या Apple सर्वर पर स्टोर नहीं होते हैं, और न ही Apple उन्हें मर्चेंट के साथ शेयर करता है। इसके बजाय, एक यूनिक डिवाइस अकाउंट नंबर असाइन किया जाता है, एन्क्रिप्ट किया जाता है और सुरक्षित रूप से ‘सिक्योर एलिमेंट’ में स्टोर किया जाता है। यह एक इंडस्ट्री-स्टैंडर्ड सर्टिफाइड चिप है जिसे डिवाइस पर पेमेंट की जानकारी सुरक्षित रूप से स्टोर करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।”
Apple ट्रांज़ैक्शन की जानकारी भी अपने पास नहीं रखता है। हालांकि, अगर किसी यूज़र का iPhone खो जाता है या चोरी हो जाता है, तो वे ‘Find My’ ऐप का इस्तेमाल करके उस डिवाइस का पता लगा सकते हैं, उसे लॉक कर सकते हैं या उस डिवाइस से पेमेंट को सस्पेंड कर सकते हैं।
Apple Pay और Apple Wallet की वाइस प्रेसिडेंट जेनिफर बेली ने कहा, “भारत में तेज़ी से बदलते और डिजिटल रूप से जागरूक लोग रहते हैं जो कैशलेस भविष्य को अपना रहे हैं और साथ ही सुरक्षा और प्राइवेसी के ऊंचे स्टैंडर्ड की उम्मीद करते हैं। हम आज भारत में यूज़र्स के लिए Apple Pay लाकर बहुत उत्साहित हैं।”


