उत्तर प्रदेशराजनीति

दलित महासम्मेलन में रामगोपाल यादव ‘मूर्ख’ वाली टिप्पणी पर घिरे, भाजपा ने दलितों के अपमान का लगाया आरोप

आगरा : यूपी के आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित महासम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस सम्मेलन में रामगोपाल अपने संबोधन के दौरान शोर-शराबे को लेकर आपा खो बैठे। उन्होंने मंच से फटकार लगाते हुए शोर मचा रहे लोगों को मूर्ख बोल दिया। जिसे अब भाजपा दलितों का अपमान बता रही है।

रामगोपाल यादव की टिप्पणी पर दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने सपा को घेरा है। डिप्टी सीएम मौर्य ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर लिखा, “सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव के सामने ही पार्टी के दलित सम्मेलन में दलितों को ‘मूर्ख’ कहना ‘महापाप’ है। इससे बड़ा कोई राजनीतिक अपराध नहीं हो सकता। लेकिन सपा के लिए यह कोई नई बात नहीं है। सपा का एक-एक नेता दलितों, पिछड़ों, गरीबों, महिलाओं और अन्नदाता किसानों का दुश्मन है। सपा शासनकाल में दलितों को दुतकारने और उनके उत्पीड़न का लंबा और काला इतिहास रहा है। दरअसल, यह ‘ओछी मानसिकता’ उनके नकली समाजवाद की पोल खोलती है। यह वही सपा है, जिसने अपने शासनकाल में दलित एवं बहुजन महापुरुषों के नाम पर रखे जिलों के नाम बदलने का ‘पाप’ किया था। जिन्होंने सत्ता में रहते हुए महापुरुषों के नाम मिटाए, वे आज उनके सम्मान के नाम पर सम्मेलन कर रहे हैं। यह समाजवाद नहीं, बल्कि विशुद्ध ‘राजनीतिक पाखंड’ है।”

उन्होंने आगे लिखा, “हाथ में संविधान की लाल किताब लहराने वाले सपा नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि सपा मुखिया के चाचा प्रोफेसर रामगोपाल यादव की यह घटिया हरकत ‘भारत रत्न’ बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय के विचारों का भी अपमान है। इस अपराध के लिए समाजवादी पार्टी सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और राजनीति में भाषा की मर्यादा बनाए रखे। दलित समाज का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।”

सपा सांसद के बयान पर ब्रजेश पाठक ने एक्स पर कहा, “आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित महासम्मेलन में सपा नेताओं का असली चेहरा एक बार फिर बेनकाब हो गया।दलित समाज के सम्मान और अधिकारों की बड़ी-बड़ी बातें करने वाली समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने सम्मेलन में आए अनुसूचित समाज के युवाओं को ‘मूर्ख’ कहकर जिस तरह हड़काया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक है। सबसे गंभीर बात यह है कि जब यह सब हो रहा था, तब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी भी मंच पर मौजूद थे। यह घटना समाजवादी पार्टी की सामंती और अहंकारी राजनीतिक मानसिकता को उजागर करती है। दलित समाज का अपमान अब बर्दाश्त नहीं होगा। सम्मान की बात करने वालों को अपने व्यवहार में भी सम्मान दिखाना होगा।”

Related Articles

Back to top button