
लखनऊ : आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के ऐलान से पहले सभी गठबंधन अपनी-अपनी सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद प्रमोद तिवारी ने भाजपा के 100 सीटों के भीतर सिमटने का दावा किया है। तिवारी ने कहा कि पिछले ढाई साल में हालात बदले हैं और उस हिसाब से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन 250 से ज्यादा सीट जीतेगा।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने एक समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा, “आज से लगभग 2.5 साल पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन था। इसका उतना प्रचार-प्रसार भी नहीं किया गया था परंतु गठबंधन ने 43 सीटें जीती थीं। उसकी वजह से भाजपा 33 सीटें हारी थी। इन ढाई सालों में महंगाई बढ़ी और मोदी की लोकप्रियता घटी है। उस समय मोदी ही भाजपा के सर्वोच्च नेता थे। उत्तर प्रदेश में यदि वही अनुपात निकाला जाए और औसतन 5 सीटों से देखा जाए तो उसमें कोई दो राय नहीं कि 215 सीटों से अधिक सीटें हमारे गठबंधन के पक्ष में है। कुछ सीटें और जोड़ दी जाए तो ये आंकड़ा 250 के ऊपर पहुंच रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, “तब (पिछले ढाई साल) से भाजपा की हालत खराब हुई है। मैं दावे के साथ कह रहा हूं कि भाजपा 100 की संख्या पार नहीं कर पाएगी। जब मोदी को प्रधानमंत्री और अबकी बार 400 पार के नारे पर सिर्फ 33 सीटें मिली। अब तो हालत खराब है, चला-चली की बारी है।”



