उत्तर प्रदेशकानपुर नगर

New Kanpur Express: 25 साल का लंबा इंतजार हुआ खत्म, कानपुर से आनंद विहार के लिए दौड़ी नई ट्रेन

कानपुर : रेल मंत्रालय ने कानपुरवासियों को आज बड़ी सौगात दी है। 25 साल का इंतजार खत्म करते हुए नई कानपुर एक्सप्रेस की शुरुआत हो गई है, जो रोजाना कानपुर सेंट्रल से चलकर आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। नई ट्रेन से उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और कानपुर से दिल्ली के बीच यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई कानपुर एक्सप्रेस रेलगाड़ी को झंडी दिखाकर रवाना किया। कानपुर एक्सप्रेस 22 आधुनिक LHB कोच से लैस है और इसमें यात्रियों का सफर आरामदायक होगा। जानकारी के अनुसार, ट्रेन रोजाना रात 8:40 बजे कानपुर सेंट्रल से चलकर सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। फफूंद, इटावा, टुंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में इसका ठहराव होगा। नई ट्रेन से कानपुर समेत आसपास के जिलों के यात्रियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को फायदा मिलेगा।

कानपुर में आगामी रेलवे अवसंरचना परियोजनाओं पर वैष्णव ने कहा कि अनवरगंज और मंधाना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के निर्माण से कानपुर में रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। नई ट्रेन के शुरू होने पर भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने एक्स पोस्ट में कहा, “जो कहा, वो किया।कानपुरवासियों से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में आज एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। 25 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद कानपुर से आनंद विहार (दिल्ली) के लिए नई ट्रेन ‘कानपुर एक्सप्रेस’ की शुरुआत हुई।”

उन्होंने आगे दावा करते हुए कहा, “इसके साथ ही कानपुर में बुलेट ट्रेन का स्टॉपेज, एलिवेटेड रेल ट्रैक और रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी गति मिल रही है। कानपुर के विकास को नई दिशा देने और रेल सुविधाओं का विस्तार करने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का समस्त कानपुरवासियों की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद। हमारा संकल्प है—विकसित कानपुर, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक रेल सुविधाएँ!”

Related Articles

Back to top button