उत्तर प्रदेशकारोबारलखनऊ

आज यूपी के 1.89 करोड़ परिवारों को मिलेगा मुफ्त सिलेंडर का पैसा, CM योगी जारी करेंगे सब्सिडी

लखनऊ। दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों के खाते में मुफ्त सिलेंडर का पैसा पहुंचने वाला है। लखनऊ में ₹1,500 करोड़ की धनराशि से पात्र परिवारों को आज रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी का वितरण होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद इसकी जानकारी दी है।

सीएम योगी ने मंगलवार को एक्स पोस्ट में लिखा, “जब सरकार की प्राथमिकता अपना ही परिवार हो, तो गरीब परिवारों की पीड़ा शासन की नीतियों से ओझल हो जाती है।पूर्ववर्ती सरकार में उत्तर प्रदेश में यही स्थिति थी। परिवारवाद की राजनीति के बीच लाखों माताएं और बहनें धुएं से भरी रसोई में जीवन बिताने को विवश थीं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के यशस्वी मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने परिवारवाद के स्थान पर लोक-कल्याण को प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से गरीब परिवारों की रसोई तक स्वच्छ ईंधन पहुंचाया और मातृशक्ति को स्वास्थ्य, सुविधा तथा सम्मान का संबल दिया।”

उन्होंने आगे कहा, “पावन पर्व दीपावली के उपलक्ष्य में लखनऊ में ₹1,500 करोड़ की धनराशि से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को आज रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी का वितरण होगा। हमारी प्रतिबद्धता स्पष्ट है। आर्थिक अभाव के कारण कोई गरीब परिवार फिर से धुएं वाले चूल्हे पर लौटने को विवश न हो। हर घर में दीपावली की खुशियां और हर रसोई में सुविधा का प्रकाश बना रहे। मातृशक्ति एवं वंचित परिवारों की खुशियों को संबल देने के लिए प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार तथा सभी माताओं और बहनों को दीपावली की अग्रिम बधाई।”

बता दें कि त्योहार के समय रसोई गैस पर होने वाला खर्च कम करने में यह योजना काफी मददगार होगी। अगर आपके पास प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत गैस कनेक्शन है, तो आपको इस दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर का लाभ मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button