
लखनऊ। विजिलेंस की टीम ने झांसी और आगरा में बड़ी कार्रवाई की है। झांसी में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बांदा के जेई को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते सोमवार को पकड़ा गया, जबकि आगरा में बिजली विभाग के जेई और संविदाकर्मी को घूसखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। इन दोनों कार्रवाई से कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, झांसी विजलेंस की ओर से गिरफ्तार जेई सलमान पर आरोप था कि वह ग्रेनाइट प्लांट संचालक से नोटिस पर कार्रवाई न करने के एवज में रिश्वत मांग रहा था। इस मामले में ग्रेनाइट प्लांट संचालक ने झांसी विजिलेंस से संपर्क किया और शिकायती पत्र दिया। जिसके बाद विजिलेंस की टीम ने जांच में आरोपों को सही पाया। फिर शिकायतकर्ता से जेई को एक लाख रुपये देने को कहा गया और फिर जेई को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
आगरा विजिलेंस टीम ने फतेहाबाद खंड के विद्युत उपखंड शमसाबाद में तैनात अवर अभियंता विनेश यादव और संविदाकर्मी लोकेंद्र सिंह को 10 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा है। आरोपियों ने नए कनेक्शन के नाम पर 10 हजार घूस मांगी थी। इस मामले में शिकायतकर्ता और शमसाबाद निवासी अर्जुन ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत की थी। जिसके बाद विजलेंस ने जाल बिछाकर दोनों को रंगे हाथों पकड़ा।



