
IPL 2027 : दिग्गज ऑल राउंडर हार्दिक पांड्या के जाने बाद आखिरकार मुंबई इंडियंस ने एक बार फिर रोहित शर्मा को कमान सौंप दी है। रोहित पांच बार ट्रॉफी जीत चुकी इस टीम के सबसे सफल कप्तान रहे हैं। अब उन पर 2027 में मुंबई को फिर एक बार चैंपियन बनाने की जिम्मेदारी होगी। इससे पहले 2024 में उनसे कप्तानी छीनकर पांड्या को कप्तान बनाए जाने के फैसले की काफी आलोचना हुई थी।
मुंबई इंडियंस की सह-मालिक नीता अंबानी ने एक बयान में कहा कि मुंबई इंडियंस के 20वें सीज़न का जश्न मनाते हुए, रोहित को एक बार फिर टीम की कमान संभालते देखना हम सभी के लिए बहुत खास पल है। उन्होंने इतने सालों में हमें कई शानदार यादें दी हैं, और मैं जानती हूं कि हमारी ‘पलटन’ (फैंस) के लिए वह कितने मायने रखते हैं। बता दें कि रोहित MI के इतिहास के सबसे सफल कप्तान रहे हैं। उनके नेतृत्व में टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में IPL खिताब जीते। उनकी कप्तानी में, MI ने टूर्नामेंट की सबसे दमदार टीमों में से एक के रूप में अपनी पहचान बनाई।
टीम प्रबंधन के साथ अपनी बातचीत रोहित ने कहा, “मुंबई इंडियंस मेरे जीवन का एक बहुत बड़ा हिस्सा रही है, और इस टीम की कप्तानी करने पर मुझे हमेशा बहुत गर्व रहा है। आने वाले सीज़न को लेकर नीता भाभी और आकाश के साथ हुई बातचीत काफी उत्साहजनक रही है, और मुझे पूरा भरोसा है कि हम बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं।”
2013 में, सीज़न के बीच में रिकी पोंटिंग के कप्तानी छोड़ने के बाद रोहित ने टीम की कमान संभाली और उसी साल टीम को उसका पहला IPL खिताब जिताया। हालाँकि, IPL 2024 से पहले, मुंबई इंडियंस ने नेतृत्व में एक बड़ा बदलाव किया—उन्होंने गुजरात टाइटंस से हार्दिक पांड्या को वापस बुलाया और उन्हें रोहित की जगह कप्तान नियुक्त कर दिया। फैंस ने इस फैसले की काफी आलोचना की, खासकर इसलिए क्योंकि रोहित ने कप्तान के तौर पर बहुत शानदार काम किया था।
कप्तान के रूप में हार्दिक के पहले सीज़न (2024) में, मुंबई की टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही; उन्होंने 14 मैचों में से केवल चार में जीत हासिल की। हालाँकि 2025 में टीम प्ले-ऑफ़ तक पहुँचने में कामयाब रही, लेकिन 2026 का सीज़न उनके लिए फिर से निराशाजनक रहा—वे 14 मैचों में केवल चार जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर रहे।
IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स के साथ एक ट्रेड डील में भेज दिया, जिसके बदले में अर्शदीप सिंह मुंबई की टीम में शामिल हो गए। हार्दिक के जाने के बाद, मुंबई ने एक बार फिर रोहित पर भरोसा जताया है। उन्हें उम्मीद है कि रोहित का अनुभव और फ्रेंचाइजी के साथ उनकी पुरानी समझ टीम को फिर से जीत की राह पर वापस लाने में मदद करेगी।



