उत्तर प्रदेशराजनीतिलखनऊ

CM योगी ने सपा के घोषणा पर उठाए सवाल, पूछा- अखिलेश 30 लाख नौकरियां कहां से देंगे?

लखनऊ : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को घोषणा पत्र जारी किया। इसकी प्रमुख घोषणाओं में, पार्टी ने पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और अन्य क्षेत्रों में 2-3 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने का वादा किया है। जिसको लेकर अब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सवाल किया कि अखिलेश 30 लाख नौकरियां कहां से देंगे? इससे पहले वह बताएं चार बार सपा सरकार में कितने युवाओं को नौकरी मिली?

दरअसल, सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में UPSSSC के माध्यम से आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। इस कार्यक्रम में विपक्ष, खासकर सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर गिनती आती हो तो गिन लो, करीब पौने दस लाख नियुक्ति पत्र हम दे चुके होंगे। लेकिन, आपने नहीं बताया कि 30 लाख नियुक्ति पत्र कहां से देंगे और चार बार सरकार में रहते सपा ने कितने नियुक्ति पत्र बांटे थे? इस बारे में भी बताइए। आपने खुद मुख्यमंत्री रहते हुए क्या किया, अपने अतीत के बारे में बताइए, क्योंकि यूपी का हर व्यक्ति उसे जानता है। जब आपका पास्ट अच्छा नहीं है तो फ्यूचर भी अच्छा नहीं हो सकता।

सीएम योगी ने यह भी कहा कि सपा के चार बार और बसपा के तीन बार के शासनकाल में की गई कुल नियुक्तियों को जोड़ भी दें तो उससे दोगुने से अधिक नियुक्ति पत्र मैं यूपी के नौजवानों को बांट चुका हूं। पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के लगभग पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। यह उपलब्धि केवल नियुक्तियों की संख्या तक सीमित नहीं है। इससे प्रदेश के युवाओं को नई पहचान, आत्मविश्वास और अपने भविष्य के प्रति भरोसा मिला है। नियुक्तियों का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। यह सिर्फ शुरुआत है।

सीएम योगी ने कहा, “अगले सप्ताह करीब 50 हजार और युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है, जिनमें लगभग आठ हजार लेखपाल और 42 हजार होमगार्ड शामिल हैं। इसके अलावा, शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित करीब दो हजार अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।’ पूर्ववर्ती सपा सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और वसूली का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि 2017 से पहले नौकरी का विज्ञापन जारी होते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। उस दौर में मेहनती और योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार नहीं मिलता था। परीक्षा देने वाला युवा पीछे रह जाता था और किसी दूसरे व्यक्ति को नियुक्ति पत्र मिल जाता था।”

Related Articles

Back to top button