
गोरखपुर। उत्तर-प्रदेश के मुरादाबाद से खून की तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक ब्लड बैंक से सस्ते में खून खरीदकर डिमांड के अनुसार, अलग-अलग जगहों पर महंगे दामों में बेचा जा रहा था। इस मामले में गोरखपुर की पुलिस ने दो लोगों 100 यूनिट खून के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र के भगत चौराहे के पास से अवैध रूप से खून की तस्करी करने वाले मुरादाबाद निवासी अहमद और ताज गुड्डू को गिरफ्तार किया है। ये लोग खून की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा बताए जा रहे हैं। इनकी कार से 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स (पीआरबीसी) बरामद हुआ है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोरखपुर में अवैध रूप से खून की सप्लाई की जानेवाली है। जिसके बाद रामगढ़ ताल पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई कर तस्करों को पकड़ा।
टीम ने भगत चौराहे के पास स्थित एलआईसी कार्यालय के पास घेराबंदी कर यूके नंबर की सफेद आल्टो कार को रोका. कार की तलाशी लेने के दौरान पिछली सीट पर रखे दफ़्ती के डिब्बे से 40 और डिक्की में रखें थर्माकोल के डिब्बे से 60 ब्लड बैग मिले। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मुरादाबाद के एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक से सस्ते दाम पर खून खरीदते थे। जिसके बाद डिमांड के अनुसार, अलग-अलग ब्लड बैंकों में महंगे दामों पर खून को बेचते थे।
औषधि निरीक्षक ने दोनों बैग में से एक-एक यूनिट नमूने के तौर पर लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (2) और औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम की धारा 18/27 के तहत कार्रवाई की है।



