स्वास्थ्य

डिप्टी CM ब्रजेश पाठक का बड़ा एक्शन : घूस मांगने वाले नोडल अधिकारी सस्पेंड, तीन अन्य पर भी कार्रवाई

गौतमबुद्धनगर। बिसरख में बिना मान्यता के क्लीनिक चला रहे संचालक से फोन पर रिश्वत मांगने वाले नोडल अधिकारी समेत चार लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। इस मामले में डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिसरख के चिकित्सा अधीक्षक और नोडल अधिकारी डॉ. सचिन्द्र मिश्रा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के दो कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, एक आउटसोर्स कर्मचारी की सेवा समाप्त करने को कहा गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बिसरख में डॉ. पवन चौधरी बिना पंजीकरण के क्लीनिक का संचालन कर रहे थे। चौधरी का आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिसरख के अधीक्षक डॉ. सचिन्द्र मिश्रा ने उन्हें फोन कर रिश्वत मांगी थी। ये मामला जब डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के संज्ञान में आया तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिसके बाद डॉ. सचिन्द्र मिश्रा को सस्पेंड कर मेरठ मंडल के अपर निदेशक कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। इस मामले में एमसीटीएस ऑपरेटर के पद पर कार्यरत, आउटसोर्स कर्मचारी रविन्द्र कुमार शुक्ला पर भी वसूली का आरोप है। शुक्ला की सेवा समाप्त करने के लिए महानिदेशक चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाएं को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर सत्यार्थ राय और एनएचएम के प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ अरविन्द चौधरी के खिलाफ भी एक्शन लिया जाएगा। शासन ने दोनों कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने के संबंध में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक को निर्देशित किया है। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार और गड़बड़ी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, विभाग की छवि धूमिल वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता आम जनता को पारदर्शी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button