उत्तर प्रदेशबलरामपुरबुलंदशहररायबरेलीस्वास्थ्य

यूपी के तीन जिलों में FSDA का बड़ा एक्शन, लाखों की मिलावटी मिठाइयां और खाद्य पदार्थ किए गए नष्ट

लखनऊ। दिवाली से पहले यूपी में FSDA की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। विभाग ने रायबरेली, बलरामपुर और बुलंदशहर में छापेमारी कर लाखों की मिलावटी मिठाइयां और खाद्य जब्तकर नष्ट कराया है। वहीं, कई खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, रायबरेली में भी सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मानिक चन्द्र सिंह के निर्देशन में विभिन्न खाद्य पदार्थ और प्रतिष्ठानों पर FSDA की टीम ने छापेमारी की। वार्ड नंबर एक, गांधी नगर महाराजगंज स्थित महाराजगंज ट्रेडर्स का निरीक्षण करते हुए फोर्टिफाइड रिफाइंड सोयाबीन तेल की जांच के लिए सैंपल लिया गया। 748 किलो तेल जब्त कर खाद्य कारोबारी की सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। वहीं, सलोन क्षेत्र में रिफाइंड राइस ब्रांड तेल में माया और सैनिक ब्रांड के 632 किलो सामान जब्त किया गया है, जिसकी कीमत एक लाख 25 हजार रुपए है।

जिले के सागर स्वीट्स, नरेश और गोपाल स्वीट्स जैसे खाद्य प्रतिष्ठानों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। अमावा क्षेत्र के तकिया में नमकीन भुजिया का सैंपल लिया गया है और 163 किलो नमकीन जब्त की गई है। यहीं पर पान मसाला के 837 पैकेट जब्त किए गए हैं, जिसकी मार्केट वैल्यू 3 लाख 90 हजार रुपये है। जगतपुर ब्लॉक में 44 हजार 700 रुपये का 179 किलो जीरा, 39 हजार 360 रुपये कीमत की 665 किलो मटर दाल भी जब्त की गई है।

अधिकारियों के अनुसार, 31 अक्टूबर और 3 नवंबर के दौरान रायबरेली के ऊंचाहार में 150 किलो नकली खोया नष्ट और 3064 किलो खोया जब्त किया गया, जिसकी कीमत 8 लाख 39 हजार 181 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा, 432 किलो का खोवा पनीर व मिठाई को नष्ट किया गया। जिसकी कीमत 2 लाख 11 हजार 460 रुपये है।

बलरामपुर में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने वाहन संख्या UP46W8161 को चेक किया, जिसमें से लगभग 280 किलोग्राम छेना मिठाई और 48 किलोग्राम बत्तीसा मिठाई पाई गई. मिठाइयों की गुणवत्ता पर संदेह होने पर सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। इसके अलावा, वाहन में रखी छेना मिठाई शीघ्र खराब होने वाली खाद्य सामग्री की श्रेणी में आती है. साथ ही मिठाई के कंटेनरों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि का उल्लेख नहीं पाया गया था. इसलिए उसे नष्ट करा दिया गया है, ताकि संदिग्ध गुणवत्ता वाली यह मिठाई बाजार में पहुंचकर आमजन के स्वास्थ्य के लिए खतरा उत्पन्न न कर सके। बाकी लैब जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी तरफ, FSDA की टीम ने बुलंदशहर के खुर्जा में चौधरी स्वीट्स भंडार के गोदाम पर छापेमारी की है, जहां कथित तौर पर रसगुल्ला और छेना बनाने के लिए अरारोट, सफोलाइट और रीठे का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने छेना, रसगुल्ले समेत पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button