
लखनऊ: राजधानी के मलिहाबाद में 11वीं की छात्रा (14) ने फंदे से लटकर अपनी जान दे दी। आरोप है कि गांव का एक युवक छात्रा को काफी समय से परेशान कर रहा था, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी। जिसके बाद छात्रा ने छेड़छाड़ से तंग आकर ये खौफनाक कदम उठाया है। इस घटना के बाद चौकी प्रभारी कसमंडी कला विवेक कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया और चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला के कसमंडी कला इलाके का है, यहां एक गांव में हंस कुमार नाम मनचला एक छात्रा को काफी समय से परेशान कर रहा था। पीड़िता के पिता का आरोप है कि पर आरोपी उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। 6 महीने पहले उसने स्कूल से लौटते समय उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की थी। जब इसकी शिकायत करने वह आरोपी के घर पहुंचे तो उसने अपने घरवालों के साथ मिलकर उन्हें पीटा और चाकू से हमला भी किया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत पुलिस से की, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वे छात्रा को ई-रिक्शा से स्कूल भेजने लगे, फिर भी आरोपी उसे लगातार परेशान करता रहा। वह छात्रा का पीछा करता और उससे छेड़छाड़ करता। आरोपी हंस कुमार उनकी बेटी को जबरन अपने साथ ले जाने का दबाव डालता था।
मृतका के पिता ने बताया कि सोमवार को वह अपनी पत्नी के साथ बैंक गए थे और छात्रा घर में अकेली थी। जब दोपहर करीब 12 बजे वे बैंक से लौटे तो बेटी का शव फंदे पर लटका मिला। जिसके बाद उसको लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना और पुलिस की लापरवाही को लेकर डीसीपी उत्तरी अमित आनंद का कहना है कि “छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक हंस कुमार, उसके भाई विनय कुमार, पिता श्याम कुमार और मां राम लल्ली के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज की गई है। हंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
डीसीपी उत्तरी ने यह भी बताया कि मई में दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने तब समझौता कर लिया था।” एसीपी मलिहाबाद की जांच में चौकी प्रभारी की लापरवाही उजागर होने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।



