
सुल्तानपुर। यूपी में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण सुल्तानपुर में राजस्व विभाग की टीम पर जानलेवा हमले की घटना है। इस दौरान बेखौफ बदमाशों ने अधिकारियों को पीटा और नायब तहसीलदार पैर तोड़ दिया, जबकि दो लेखपाल भी चोटिल हो गए। इस मामले में दो नामजद समेत 10-15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना कोतवाली नगर के रामपुर इमिलिया की है, जहां पर देर रात मिट्टी के अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची राजस्व टीम पर जानलेवा हमला किया गया। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष राधेश्याम शुक्ला के अनुसार, सोमवार देर रात रामपुर इमिलिया गांव में अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिली थी। जिसके बाद तहसील सदर में तैनात नायब तहसीलदार सदर धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। छापेमारी के दौरान खनन माफियाओं ने गाली गलौच की और राजस्व टीम पर हमला कर दिया।
इस हमले में नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव का पैर टूट गया। जबकि दो अन्य लेखपाल चोटिल हो गए। टीम में शामिल लेखपाल कुंवर बृजेश सिंह, सुमित कुमार और अन्य लेखपालों को भी चोटें आईं। कथित तौर पर बदमाशों ने दो लेखपालों को कुछ समय के लिए बंधक भी बनाए रखा।घायल नायब तहसीलदार और लेखपालों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस घटना को लेकर कोतवाली नगर में लिखित शिकायत दी गई है। जिसके बाद कोतवाली नगर में सरकारी कार्य में बाधा, हमला और धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, गोलू सिंह और संदीप सिंह सहित 10-15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। फिलहाल, इस घटना ने अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं।



