खेल

यूथ ओलंपिक में भारत के लिए ऐतिहासिक पल, राजकुमारी लैंचेनबी चानू ने वुशू में दिलाया पहला मेडल

2026 Youth Olympics : सेनेगल में डकार 2026 यूथ ओलंपिक में मंगलवार का दिन भारत के लिए ऐतिहासिक रहा, जब राजकुमारी लैंचेनबी चानू ने वुशू में देश के लिए पहला मेडल जीता। मणिपुर की इस युवा एथलीट ने महिलाओं के ‘चांगक्वान कंबाइंड’ इवेंट में 18.039 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। आठ एथलीटों के फाइनल में, चानू अन्य पांच प्रतियोगियों से आगे रहीं।

भारत की खिलाड़ी राजकुमारी लैंचेनबी चानू शुरुआती दौर में 17.982 अंक हासिल करके फाइनल में पहुंचीं, जहां वह दूसरे स्थान पर रहीं। वह मिस्र की सोंडोस सोनबोल से पीछे थीं, जिन्होंने 18.386 अंकों के साथ क्वालिफिकेशन स्टैंडिंग में टॉप किया था। सोनबोल ने 18.660 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि वेनेजुएला की वेलेरिया फ्रैनेरिस डुडामेल अल्वाराडो ने 18.199 अंकों के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया।

इस ब्रॉन्ज मेडल के साथ यूथ ओलंपिक में भारत के मेडल की कुल संख्या तीन हो गई है। चानू की यह उपलब्धि तब आई है, जब सोमवार को खुशबू रजकभाई दरजादा ने महिलाओं के 63 किग्रा जूडो इवेंट में रजत पदक जीता और धिनिधि देसिंघु ने महिलाओं की 100 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

चानू मणिपुर से आती हैं। यह राज्य कई सफल वुशू एथलीट देने के लिए जाना जाता है, जिनमें एशियन गेम्स की मेडल विजेता नओरेम रोशिबिना देवी भी शामिल हैं। उन्होंने जूनियर स्तर पर भी सफलता हासिल की है; उन्होंने तमिलनाडु में आयोजित 25वीं सब-जूनियर नेशनल वुशू चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था। इससे पहले, मार्च 2026 में, उन्होंने चीन के तियानजिन में आयोजित वर्ल्ड जूनियर वुशू चैंपियनशिप के गर्ल्स यूथ चांगक्वान इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

Related Articles

Back to top button