
लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र में सड़क खुदाई के दौरान एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला जेसीबी (JCB) मशीन की चपेट में आ गई। जेसीबी से कुचलने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा ‘अंधे की चौकी’ के पास मल्टी केयर हॉस्पिटल के सामने हुआ। जिसके बाद जेसीबी चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान समीरा (60), पत्नी छोटा के रूप में हुई है, जो दुबग्गा क्षेत्र के बेबी मार्टिन स्कूल के पास रहती थी। यह हादसा बुधवार सुबह करीब 11:40 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण/खुदाई के काम के दौरान चालक जेसीबी को पीछे (रिवर्स) कर रहा था, तभी वहां से गुजर रही महिला जेसीबी की चपेट में आ गई। कुचलने से बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक जेसीबी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में ले लिया और आरोपी की तलाश की जा रही है। इस दौरान मौके पर पहुंचे मृतका परिजनों और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तैनात करना पड़ा। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



