
लखनऊ। भगवान श्रीकृष्ण की मुद्रा, उनके नाम और वृंदावन पर विवादित करके कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। विपक्षी दल उन पर भगवान राम और कृष्ण को बांटने व तुलना करने का आरोप लगा रहा है। अब इस मामले में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं ने तहरीर दी है। इसके साथ ही कार्रवाई न होने पर कार्यकर्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
दरअसल, सपा की मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव प्रवेश यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बुधवार को हजरतगंज थाने पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ तहरीर दी। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। प्रवेश यादव का कहना है कि धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से भगवान श्रीकृष्ण के करोड़ों अनुयायियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। ऐसे में मामले को गंभीरता से लेकर दोषी पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सपा नेता ने आगे कहा कि भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी करके धीरेंद्र शास्त्री ने अपनी तुच्छ मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने धर्म और आस्था के नाम पर समाज में विवाद खड़ा करने का कुत्सित प्रयास किया है। ऐसे लोगों बख्शा नहीं जाना चाहिए। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। ताकि भविष्य में कोई भी देवी-देवताओं के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने की हिम्मत न करे।
सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते धीरेंद्र शास्त्री पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। हजरतगंज थाने में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने तहरीर लेकर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने की कोई पुष्टि नहीं की गई है।
बता दें कि हिंदू राष्ट्र की मांग करने वाले कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की ओर से भगवाना कृष्ण पर विवादित टिप्पणी को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कड़ी आपत्ति जताई हैं। वह खुद इसे ईशनिंदा बताते हुए शास्त्री के खिलाफ कानूनी की मांग कर चुके हैं।



