
गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर में ₹1,375 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹495 करोड़ से अधिक की लागत से गोड़धोइया नाले के फेज-1 का लोकार्पण तथा ₹880 करोड़ से अधिक की लागत से फेज-2, गोरखपुर सीवरेज योजना जोन ए-3 और गोड़धोइया नाले के समानांतर प्रस्तावित सर्विस रोड का शिलान्यास शामिल है।
विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास के मौके पर सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर के 17 वार्डों में जल निकासी की समस्या के समाधान हेतु लगभग ₹500 करोड़ की लागत से 7.75 किलोमीटर लंबे आरसीसी नाले, 17.5 किलोमीटर लंबी इंटरसेप्टिंग ट्रंक सीवर लाइन, 38 MLD सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 61 MLD मेन पंपिंग स्टेशन और 14 ब्रिज/कल्वर्ट का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। आज इन कार्यों का लोकार्पण हो रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि जिले के 17 कैचमेंट एरिया में जल निकासी एवं सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगभग ₹794 करोड़ की लागत से दूसरे चरण के कार्यों का आज शिलान्यास हो रहा है। इसके अंतर्गत 342 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन, लगभग 45,000 सीवर कनेक्शन तथा 27 MLD और 37.5 MLD क्षमता के दो इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन सहित अन्य कार्य किए जाएंगे। इससे लगभग 2.5 से 3 लाख की आबादी लाभान्वित होगी।
सीएम ने प्रदेश एवं गोरखपुर के समग्र विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि विकास की प्रत्येक परियोजना का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके जीवन को सुगम बनाना है। इन परियोजनाओं से गोरखपुर में जल निकासी एवं सीवरेज व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जलभराव की समस्या के समाधान को गति मिलेगी तथा आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
सीएम ने आगे कहा कि पहले गोरखपुर के युवाओं को नौकरी और रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ता था, लेकिन आज बाहर से भी लोग रोजगार के लिए गोरखपुर आ रहे हैं। सुरक्षा, स्वच्छता, विकास और विभिन्न योजनाओं ने गोरखपुर को नई पहचान दी है। आज हम कह सकते हैं कि नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है, तो नए उत्तर प्रदेश का नया गोरखपुर भी तैयार है।



