
गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ जी ने आज गोरखपुर के चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र में ₹287 करोड़ से अधिक की लागत की 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें समपार संख्या 147-बी पर निर्मित रेल उपरिगामी सेतु भी शामिल है। इस मौके पर सीएम योगी ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला और आरोप लगाया कि चौरीचौरा की घटना के बाद पंडित जवाहर लाल नेहरू क्रांतिकारियों की पैरवी के लिए नहीं गए।
स्वतंत्रता संग्राम के ऐतिहासिक चौरीचौरा की घटना का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 4 फरवरी 1922 को घटना के बाद अंग्रेजों ने किसानों, श्रमिकों और व्यापारियों को गिरफ्तार कर फांसी की सजा सुनाई थी। उस समय पंडित जवाहरलाल नेहरू उनकी पैरवी करने नहीं आए थे। क्रांतिकारियों की पैरवी के लिए पंडित मदन मोहन मालवीय आगे आए और उन्होंने इतनी अच्छी पैरवी की कि 172 में से 151 क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे से बचा लिया। इस दौरान सीएम ने कांग्रेस पर इस क्रांति से घबराकर आंदोलन तक स्थगित करने का आरोप भी लगाया।
सपा पर जमकर बरसे सीएम योगी
गोरखपुर में सीएम योगी ने सपा को भी आड़े हाथों लिया और कहा- सपा की प्रदेश में चार बार सरकार रही। इन चार कार्यकाल में 10 लाख गुंडे पाले गए थे। ये लोग लूटपाट करते थे और अराजकता फैलाते थे। वहीं, भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी। इन गुंडों को मिट्टी में मिला दिया।
सीएम ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि विकास की प्रत्येक पहल का उद्देश्य जनसामान्य के जीवन को सुगम बनाना और क्षेत्र को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। इन परियोजनाओं से गोरखपुर के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और जनसुविधाओं का विस्तार होगा।



