
Russia-Ukraine War : रूस के नियंत्रण वाले यूक्रेनी शहर ओलेशकी के आसपास छह दिनों का स्थानीय संघर्ष-विराम अपने आखिरी दिन भी कायम रहा, लेकिन मोर्चे के अन्य हिस्सों में लड़ाई में कोई कमी नहीं आई और दोनों पक्षों की ओर से लंबी दूरी के हवाई हमले जारी रहे। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया कि रूसी हमले में रविवार को लाखों यूक्रेनी नागरिक बिजली से वंचित हो गए।
ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस ने रात भर में यूक्रेन के चार क्षेत्रों में बिजली के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया, जिससे लाखों घरों की बिजली कट गई। उन्होंने टेलीग्राम पर कहा, “हमलों की तीव्रता बहुत ज़्यादा है, और रूसी सेना बैलिस्टिक मिसाइल इंटरसेप्टर की कमी का पूरा फ़ायदा उठाने की कोशिश कर रही है।” उन्होंने बताया कि इस बीच, यूक्रेन ने रूस के रोस्तोव क्षेत्र में स्थित कामेंस्की प्लांट पर हमला किया; उनके अनुसार, यह प्लांट रूसी मिसाइलों के निर्माण में शामिल है।
मास्को ने रोस्तोव में हुए कथित हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की। वहीं, रूसी अधिकारियों ने जानकारी दी कि निझनी नोवगोरोड क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमलों के चलते एक औद्योगिक स्थल को भारी नुकसान पहुंचा है। निज़नी नोवगोरोड क्षेत्र के गवर्नर ग्लेब निकितिन ने बताया कि रात भर चले यूक्रेन के बड़े ड्रोन हमले से एक औद्योगिक इकाई को “काफी नुकसान” पहुंचा है। उन्होंने उस जगह का नाम नहीं बताया जहां हमला हुआ था। इस क्षेत्र में रूस की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरियों में से एक, ‘नोरसी’ (NORSI) स्थित है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेना ने रात भर में रूसी क्षेत्रों के ऊपर यूक्रेन के 235 ड्रोन मार गिराए। यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि शनिवार शाम से रूस द्वारा छोड़े गए 433 लंबी दूरी के ड्रोनों में से उसने 371 को मार गिराया है।



