Highlightदुनिया

नेतन्याहू ने PM मोदी और कैप्टन स्मित मछार को स्वतंत्रता दिवस पर किया आमंत्रित, मशाल जलाने की कही बात 

नई दिल्ली। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने देश के स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया है। उन्होंने इस मौके पर पीएम मोदी और फलाईदुबई के जांबाज कैप्टन स्मित मछार के साथ मशाल प्रज्ज्वलित करने की बात कही है। नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बारे में जानकारी दी है।

इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने गुरुवार को एक्स पर हिंदी में पोस्ट लिखा, “मैंने अपने मित्र, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और उन्हें इज़राइल के स्वतंत्रता दिवस पर वीर भारतीय पायलट के साथ मशाल प्रज्वलित करने के लिए आमंत्रित किया। मोदी ने निमंत्रण के लिए मुझे धन्यवाद दिया और कहा कि ज़मीन पर और हवा में, भारत और इज़राइल आतंकवाद के ख़िलाफ़ मिलकर लड़ रहे हैं। उन्होंने हमारे बीच के मज़बूत और वर्षों पुराने संबंधों की भी सराहना की।”

इस पर पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का फोन आया। हमने अपने द्विपक्षीय संबंधों में बनी लगातार गति की समीक्षा की और अपनी साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दोहराया। हमने पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रमों पर भी चर्चा की और क्षेत्र में शांति-स्थिरता बहाल करने को जरूरी बताया।”

बता दें कि इजराइल का स्वतंत्रता दिवस (योम हात्ज़माउत) यहूदी पंचांग के अनुसार हर साल इय्यार महीने की 5 तारीख को मनाया जाता है। ऐसे में अंग्रेजी कैलेन्डर में ये तारीख बदलती रहती है। अगले साल इजरायल का स्वतंत्रता दिवस मंगलवार, 11 मई 2027 को सूर्यास्त के समय शुरू होगा और बुधवार, 12 मई 2027 को समाप्त होगा। इस मौके पर 12 मशालें जलाने की परंपरा है।

Related Articles

Back to top button