अपराधउत्तर प्रदेशसहारनपुर

सहारनपुर : कंटेनर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में 4 श्रद्धालुओं की मौत व 12 घायल, CM योगी ने जताया शोक

Saharanpur Accident : यूपी के सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह कंटेनर ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे टक्कर मार दी, जिसमें मां शाकंभरी देवी के दर्शन के बाद लौट रहे श्रद्धालु सवार थे। इस हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कम से कम 12 लोग घायल हो गए। सीएम योगी ने इस हादसे में श्रद्धालुओं की मौत पर शोक व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार, हादसे की शिकार सभी लोग मेरठ के सरधना स्थित गांव कुशावली के निवासी हैं, जो मां शाकंभरी देवी के दर्शन करने के बाद नवरात्र के लिए ज्योति लेकर अपने गांव लौट रहे थे। रात भर यात्रा करने के बाद ये लोग शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे देवबंद पहुंचे थे और चाय-नाश्ता करने के लिए रुके थे। तभी पीछे से आ रहे एक तेजरफ्तार कंटेनर ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। यह हादसा देवबंद थाना क्षेत्र में एक फ्लाईओवर के पिलर संख्या 13 के पास हुआ।

पुलिस के अनुसार, इस हादसे के बाद दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य घायलों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान अमन राणा (25), सागर (22), पंकज (25) और रमेश (55) के रूप में हुई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम हेतु भेजे गए हैं। अन्य घायलों का उपचार जारी है। बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने हेतु CMO सहारनपुर को निर्देशित किया गया है।

कुछ घायलों को उनके परिजनों की सुविधा के दृष्टिगत मेरठ रेफर किया गया है। सीएम योगी ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button