
लखनऊ: यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच खींचतान जारी है। दिल्ली में सोमवार को हुई बैठक के बाद खबर आयी थी कि कांग्रेस ने सपा को 130 सीटों की लिस्ट सौंपी है। जिसके बाद सपा नेताओं की ओर से कहा गया कि पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। जिसको लेकर यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद की तीखी प्रतिक्रिया सामने आयी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सपा ने रामपुर खास, फरेंदा (कांग्रेस द्वारा जीती गई सीटें), मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर (पार्टी जिन पर दूसरे नंबर पर रही थी) का प्रस्ताव कांग्रेस को दिया है। इसके अलावा, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट का प्रस्ताव दिया है। बताया जा रहा है कि अन्य सीटों के लिए सपा ने कांग्रेस से समीकरण और प्रत्याशी के नाम मांगे हैं।
कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, “मेरी दो बातें हैं। चुनाव जीतने के लिए गठबंधन बनाए जाते हैं। हमारा पूरा ध्यान एक ऐसा फॉर्मूला खोजने पर है जिससे जीत मिल सके, सही तरीके से सीटों का बंटवारा हो और ऐसे उम्मीदवार चुने जाएं जिनके जीतने की सबसे ज्यादा संभावना हो। समाजवादी पार्टी अपने सहयोगियों के साथ तालमेल बिठाने और उन्हें समायोजित करने के लिए तैयार है, क्योंकि यह एक बड़ी लड़ाई है और हमारा साझा लक्ष्य जीत हासिल करना है। बीजेपी जैसी मशीन को हराने के लिए, हमें अच्छी तैयारी करनी होगी और सही फैसले लेने होंगे…”
इससे पहले कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद ने सपा की ओर से 26 सीट दिए जाने के सवाल पर कहा, ” “मुझे तो पता नहीं कब दे रही है, आपको पता होगा। मैं तो किसी से भीख नहीं मांग रहा हूं…” उन्होंने ये भी कहा, “मांगने और सहयोग में फर्क होता है। गठबंधन में मांगना नहीं होता है। आपसी सहयोग है…” फिलहाल, दोनों दलों के बीच बैठकों का दौर जारी है। अब देखना होगा कि क्या सहमति बनती है या दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़ेंगें।



