
बलरामपुर। पिछले दिनों सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। जिस सीएम योगी ने शनिवार को चुनौती स्वीकार करते हुए कहा कि आइये आप और मैं अयोध्या से नामांकन करके अपनी किस्मत आजमा लेते हैं।
दरअसल, पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपने अयोध्या दौरे के समय दावा किया था कि भाजपा अयोध्या में पिछड़ रही है। इसके साथ ही उन्होंने सीएम योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दे डाली थी। शनिवार को बलरामपुर में सीएम योगी ने अखिलेश की चुनौती का जवाब दिया।
सीएम ने कहा, “वो मुझसे कहते हैं कि मुख्यमंत्री अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखा दें, अखिलेश जी अयोध्या हमारा पावन धाम है, इसलिए मैं अयोध्या बार बार जाता हूं ताकि वहां के विकास कार्यों में कोई लापरवाही न हो। वो हमारे आस्था की स्थली है, वहां चुनाव लड़ने के लिए नहीं जाते…”
सीएम ने पूर्व सपा सरकार पर अयोध्या के विकास में रूकावट डालने का आरोप लगाया और आगे कहा, “मैं आपको (अखिलेश को) ऑफर करता हूं कि आइये आप और मैं अयोध्या से नामांकन करते हैं। चलो अयोध्या से एक बार किस्मत आजमा लेते हैं। लड़ाई चेलों से क्यों, आमने-सामने होनी चाहिए।”
बता दें कि सीएम योगी बलरामपुर में ₹803 करोड़ रुपए से ज्यादा की 78 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे।



