उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

लखनऊ के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात, हजारों परिवार घर छोड़ने को मजबूर

Lucknow Gomti Flood : यूपी में बारिश थमने के बावजूद 11 जिलों में 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इस बीच, राजधानी लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से 40 हजार से ज्यादा घरों में पानी घुस गया है। जिसकी वजह से लोग फुटपाथ पर सोने को मजबूर हैं, जबकि 10 हजार लोग घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर पलायन कर गए हैं।

लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से फैजुल्लागंज और आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिससे लोगों के घरों में पांच फीट तक पानी भर गया है। फैजुल्लागंज और बीकेटी क्षेत्रों में कई कॉलोनियों और घरों के अंदर पानी घुसने से लोग सुरक्षित स्थानों पर पलायन करने को मजबूर हैं। रास्तों और गलियों में पानी भरने के कारण लोगों को आने-जाने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रशासन ने राहत कार्यों के लिए नावें तैनात की हैं।

गोमती और सई नदी का जलस्तर बढ़ने से इटौंजा, मलिंगा, और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों किसानों की धान, उड़द और सब्जियों की फसलें डूब गई हैं। बढ़ते जलस्तर और रास्तों पर जलभराव के चलते गोमती रिवरफ्रंट को अगले आदेश तक आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है।गोमती में पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और सीतापुर की ओर से पानी पहुंच रहा है। बेहटा, श्रावण समेत कई नालों का पानी भी नदी में गिर रहा है। इसी वजह से बारिश रुकने के बाद भी गोमती का जलस्तर बढ़ रहा है। सिंचाई विभाग के मुताबिक, सोमवार से नदी का जलस्तर घटने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button