
Agra Accident : यूपी के आगरा में शनिवार तड़के हाईवे पर कंटेनर और डंपर की भीषण टक्कर हो गई। जिसके बाद दोनों गाड़ियों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में डंपर चालक और क्लीनर की जिंदा जलकर मौत हो गई। उनके शव सीट से चिपके मिले और सिर्फ हड्डियां ही बची थीं। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:45 बजे आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर जिला मुख्यालय से 36 किमी दूर खंदौली थाना क्षेत्र के पास हुआ। दोनों गाड़ियों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके जैसी आवाज हुई और तेज धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। हादसे के बाद डंपर चालक और क्लीनर के शव सीट से चिपके मिले हैं। सिर्फ हडि्डयां बची हैं। जबकि कंटेनर का ड्राइवर और पास से गुजर रहे बाइक सवार गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान धौलपुर जिले के मनिया थाना क्षेत्र के कोड़राका निवासी आकाश (25) और करुआ (24) के रूप में हुई है। इस भीषण हादसे के चलते हाईवे पर 5 किमी लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन से गाड़ियों को किनारे हटवाया। जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो पाया।



