
लखनऊ : डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 95 और 5 प्रतिशत वाले बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि अखिलेश के पास तुष्टीकरण वाले 5 प्रतिशत मतदाता ही बचे हैं, जबकि 95 प्रतिशत मतदाता भाजपा के साथ है। डिप्टी सीएम ने प्रचंड बहुमत के साथ प्रदेश में फिर सरकार बनाने का भी दावा किया है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर कहा, “समाजवादी पार्टी समझ ही नहीं पा रही है। भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार आ रही है। हमारा मानना है कि 80 प्रतिशत से अधिक मतदाता भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं। अखिलेश यादव ने एक नई लाइन दे दी है कि यह 95-5 की लड़ाई है। अखिलेश यादव, 5 प्रतिशत मतदाता ही आपके पास बचे हैं, जो तुष्टीकरण वाले हैं। शेष 95 प्रतिशत मतदाता भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं और तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी फिर आ रही है। आज भी लोग गुंडागर्दी के खिलाफ प्रदेश में आपके विरुद्ध खड़े हैं।”
एक दिन पहले पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा था, “अब लड़ाई 80-20 की नहीं और 20-80 की भी नहीं है बल्कि 95-5 की है और जब लड़ाई 95-5 की होगी तो भारतीय जनता पार्टी के लोगों का पता नहीं चलेगा कि वो कहां पहुंच गए हैं। इसलिए आपने देखा होगा कि भाषा और व्यवहार भी बदल गया है। भ्रष्टाचार के मामले में सुना है कि सरकार बहुत जानकारी रखती है लेकिन सुना है कि साढ़े सतरह हजार करोड़ का कोई ठेका-पट्टा हुआ है…”



