
लखनऊ : उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष-महासचिव समेत 68 पदाधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इन लोगों ने दिल्ली मेगा रैली से दूरी बनाई थी। जिसके बाद यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के निर्देश पर एक्शन लिया गया है। यूथ कांग्रेस के यूपी ईस्ट के को-इंचार्ज नरसिम्हा यादव और यूपी ईस्ट के अध्यक्ष विशाल सिंह के संयुक्त हस्ताक्षर वाला निलंबन पत्र जारी किया गया है।
यूपी यूथ कांग्रेस के जिन पदाधिकारियों को सस्पेंड किया गया है। उनमें उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस के 12 जिलाध्यक्ष, तीन प्रदेश उपाध्यक्ष, 33 प्रदेश महासचिव, 18 प्रदेश सचिव, संयुक्त सचिव और सोशल मीडिया कोअर्डिनेटर को सस्पेंड किया गया है। प्रयागराज के पांच पदाधिकारियों पर भी गाज गिरी है। इनमें प्रयागराज युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सौरभ पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष जितेश कुमार मिश्रा, प्रदेश महासचिव निशांत रस्तोगी, प्रदेश महासचिव अनुभव सिंह और प्रदेश सचिव आयुष मौर्या का नाम शामिल है।
यूथ स्तर पर इस बड़ी कार्रवाई को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता हसीब अहमद का कहना है कि संगठन में अनुशासन को लेकर किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पार्टी के कार्यक्रमों और नेतृत्व के निर्देशों का पालन करना पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की रैली में अनुपस्थित रहने के मामले को संगठन ने गंभीरता से लिया है। इसी वजह से संबंधित नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है।



