
कानपुर : बम से उड़ाने की धमकियों में इस्तेमाल फर्जी जीमेल आईडी को लेकर गिरफ्तार अंकित शंखवार ने एटीएस की पूछताछ में कई बड़े खुलासे किए हैं। शुरुआत में आरोपी के पास 5 लाख फर्जी ई-मेल मिलने की बात कही जा थी, लेकिन अब कुल 22 लाख फर्जी ईमेल आईडी की बात सामने आयी है। जिसे उसने पाकिस्तान और बांग्लादेश समेत कई देशों रह रहे लोगों को बेची थी। इनका इस्तेमाल कथित तौर पर भारत में बम से उड़ाने की धमकियों में किया गया।
दरअसल, एटीएस ने 28 अक्तूबर को कानपुर निवासी अंकित को गिरफ्तार किया था। ये गिरफ्तारी नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम, मुंबई और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के दिल्ली वाले शो में बम ब्लास्ट की धमकी भरे ई-मेल भेजे जाने के बाद हुई। आरोप है कि जिन फर्जी ईमेल आईडी का इस्तेमाल बम ब्लास्ट की धमकी के लिए किया गया था, उन्हें अंकित ने बनाया था। अब इस मामले में एटीएस की पूछताछ में अंकित ने कई बड़े खुलासे किए हैं। सूत्रों की मानें तो आरोपी के लैपटॉप से 5 लाख आईडी मिली थीं, लेकिन बाद में उसके डिवाइस की जांच की गई और डाटा रिकवर कराया गया तो उसमें 17 लाख और जी-मेल आईडी मिलीं। इस खुलासे के बाद एटीएस जांच का दायरा भी बढ़ गया है।
एटीएस ने कथित तौर पर अंकित की ओर से बनाई गयी 22 लाख फर्जी जीमेल आईडी ब्लाक कराने के लिए गूगल से अनुरोध किया है, जिससे उनका आगे दुरुपयोग न हो सके।एजेंसी को आशंका है कि अंकित के जरिए विदेशी खरीदारों तक पहुंचाई गईं इन्हीं ई-मेल आईडी में से कुछ का इस्तेमाल अयोध्या, काशी और मथुरा में स्थित धार्मिक स्थलों को बम ब्लास्ट की धमकी भेजने में हुआ है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी के लैपटॉप से 5 लाख आईडी मिली थीं, लेकिन बाद में उसके डिवाइस की जांच की गई और डाटा रिकवर कराया गया तो उसमें 17 लाख और जी-मेल आईडी मिलीं।
पूछताछ में अंकित के पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्किये, मिस्र और अन्य देशों के लोगों व समूहों से संपर्क में होने की बात सामने आयी है। एजेंसी अब तक मिली धमकियों और इन ई-मेल आईडी के डाटा का मिलान कर रही है। इसके साथ ही ई-मेल आईडी के बदले अंकित को हुए भुगतान की जांच की जा रही है।



