
लखनऊ : मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की 42वीं बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक हुई। इस बैठक में शोध गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए 3.82 करोड़ रुपये के वार्षिक बजट को भी स्वीकृति मिली। इसके साथ ही 350 बेड का ट्रॉमा सेंटर के निर्माण, लिवर ट्रांसप्लांट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने और नई सर्जरी सुविधा शुरू जैसे कई अहम फैसले लिये गए।
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की 42वीं बोर्ड बैठक में शहीद पथ के पास 16,603 वर्गमीटर जमीन पर 350 बेड का ट्रॉमा सेंटर बनाने का फैसला लिया गया। बैठक में संस्थान के विस्तार, चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने से संबंधित कई अहम विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मंजूरी दी गई। इसके अलावा, गोमती नगर स्थित संस्थान के मुख्य परिसर के निकट प्रसार भारती की 3,176 वर्गमीटर भूमि क्रय किए जाने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी मिली है।
बैठक में संस्थान में विशिष्ट चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में हेपेटो-पैंक्रियाटो-बिलियरी (एचपीबी) सर्जरी सुविधा प्रारम्भ किए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृत प्रदान की गई। जिससे लिवर, पैंक्रियाज एवं बाइलियरी ट्रैक्ट से संबंधित जटिल रोगों के उपचार की उन्नत सेवाएं विकसित की जाएंगी। वहीं, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्थान में एमडी, एमएस, डीएम एवं एमसीएच के स्टूडेंट्स के शोध प्रबंधों के लिए इंस्टीट्यूशनल स्मॉल रिसर्च ग्रांट स्कीम शुरू करने का फैसला लिया गया है।
संस्थान में न्यूक्लियर मेडिसिन डिपार्टमेंट की कार्यक्षमता एवं विशेषज्ञ सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए एसजीपीजीआई के मानकों के अनुरूप असिस्टेंट प्रोफेसर (रेडियोफार्मेसी) का एक पद तथा रेडियो फार्मासिस्ट के दो नॉन-फैकल्टी पदों के सृजन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई, जबकि क्लिनिकल टॉक्सिकोलॉजी एनालिसिस तथा अन्य विभागों के साथ अंतर्विभागीय सहयोग को मजबूत बनाने के मकसद से फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग में साइंटिस्ट (ग्रेड-II) का एक पद सृजित किए जाने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगी है।



