उत्तर प्रदेशलखनऊ

CM योगी ने 1146 कनिष्ठ सहायकों को दिया नियुक्ति-पत्र, 4300 किसानों के खाते में भेजी सहायता राशि

लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा राजस्व विभाग के लिए नव-चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति-पत्र दिया। इसके साथ ही सीएम ने कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 4,300 लाभार्थियों को ₹215 करोड़ की सहायता राशि वितरित की। ये राशि 4,300 किसानों के खाते में भेजी गई।

सीएम योगी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “युवाओं की प्रतिभा को सम्मान और संकट की घड़ी में अन्नदाता के परिवार को संबल प्रदान करना डबल इंजन सरकार का संकल्प है। इसी संकल्प के विस्तार में आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया से राजस्व विभाग के लिए नव-चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति-पत्र के साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 4,300 लाभार्थियों को ₹215 करोड़ की सहायता राशि वितरित की जाएगी।”

उन्होंने आगे लिखा, “आज का यह कार्यक्रम उस बदली हुई कार्य-संस्कृति का प्रमाण है, जिसमें युवाओं को योग्यता के आधार पर अवसर और संकटग्रस्त किसान परिवारों को सम्मानपूर्वक सहायता मिल रही है। वर्ष 2017 से पहले स्थिति इसके ठीक विपरीत थी। पहले नौजवानों के सपनों का सौदा होता था और संकट में घिरे अन्नदाता किसान परिवार सहायता के लिए दर-दर भटकते थे। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस कार्य-संस्कृति को बदला है। आज सरकारी नौकरी में सिफारिश नहीं, योग्यता का सम्मान होता है। वहीं, दुर्घटना से प्रभावित किसान परिवारों को संकट की घड़ी में सरकार का संबल मिलता है। सभी नव-चयनित युवाओं को अग्रिम बधाई।”

Related Articles

Back to top button