
लखनऊ : समाजवादी पार्टी कार्यालय में बुधवार को खजांची’ यादव का 10वां जन्मदिन मनाया गया। नोटबंदी में पैदा हुए खजांची का जन्मदिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव हर साल मनाते हैं। इस मौके पर अखिलेश ने नोटबंदी को मोदी सरकार की ओर से लिया गया दुनिया का सबसे भ्रष्ट फैसला बताया और कहा कि इसके शिकार हुए लोग आज भी उभर नहीं पाए हैं।
दरअसल, नवंबर 2016 में कानपुर देहात के एक बैंक की कतार में खजांची का जन्म हुआ था, जब उसकी मां सर्वेशा देवी नोट बदलवाने के लिए बैंक की कतार में खड़ी थी। इस दौरान ही उन्हें प्रसव पीड़ा हुई थी। इस घटना की जानकारी मिलने पर यूपी के तत्कालीन सीएम अखिलेश यादव ने बच्चे का नाम ‘खजांची’ रखा था। तब से सपा हर साल धूमधाम से खजांची का जन्मदिन मनाती है और उसकी पढ़ाई-लिखाई का खर्च उठा रही है। बुधवार को खजांची के जन्मदिन पर सपा नेताओं ने उसे भर-भरकर नेग दिए।
इस मौके पर प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “हमारे यहां बैंकों को डुबाने के लिए नोटबंदी कर दी गई। दुनिया के आर्थिक इतिहास में इतना भ्रष्ट फैसला कोई नहीं होगा जो भाजपा ने लिया। सच्चाई तो यह है कि भाजपा का यह फैसला भ्रष्टाचार का महासागर साबित हुआ। नोटबंदी के समय जितने भी दिखावटी लक्ष्य रखा गया, अगर हम पीछे मुड़कर देखें तो एक भी पूरा नहीं हुआ। नोटबंदी का असर क्या हुआ? उसने धीमी जहर के रूप में काम किया। 10 साल में किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, पेशेवर लोग, नौकरी पेशा लोग, छोटे दुकानदार-व्यापारी… सभी उसके शिकार हुए और अभी भी वो सही से उभर नहीं पाए हैं। इसलिए नोटबंदी भाजपा की वोटबंदी का कारण बनी थी।”



