
हरदोई : गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक भीषण हादसा हुआ। जिसमें पति-पत्नी और दो मासूम बच्चों की जान चली गई। जिले के सांडी थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार XUV-300 कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। ये लोग नोएडा से प्रयागराज जा रहे थे। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सौरव उपाध्याय पुत्र जय गोविंद उपाध्याय निवासी नीम सराय मुंडेरा प्रयागराज अपनी पत्नी मेनका उपाध्याय (उम्र 35 वर्ष) और उनके दो बच्चों व्योम उपाध्याय (उम्र 7 वर्ष) व शिवोम उपाध्याय (उम्र डेढ़ वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपनी XUV 300 से छठ पूजा हेतु अपने मूल निवासी नीम सराय मुंडेरा प्रयागराज के लिए जा रहे थे। जहां रास्तें में थाना सांडी क्षेत्रांतर्गत ग्राम अंटवा में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज गति की वजह से गाड़ी डिवाइडर पर टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, आज 11 नवम्बर 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि थाना सांडी क्षेत्रांतर्गत गंगा एक्सप्रेस वे पर पिलर संख्या 317 ग्राम अटवा के निकट एक XUV 300 तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी है। सूचना पर स्थानीय पुलिस व उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने बताया कि घटना में बाद मौके पर ही सौरभ और उनकी पत्नी मेनका की मौत हो गयी, जबकि बड़े बेटे व्योम उपाध्याय व छोटे पुत्र शिवोम उपाध्याय को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया, जहां पर उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गयी। शवों को कब्जे में लेकर नियमानुसार पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की जरूरी कार्यवाही की जा रही है।



