
संतकबीरनगर : डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों का हाल-चाल जाना और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, बदहाल व्यवस्था को लेकर डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को फटकार लगाई और सुधार के निर्देश दिए। इस दौरे पर उन्होंने नवनिर्मित होटल ‘द वेलेंसिया’ का फीता काटकर शुभारंभ किया।
जानकारी के अनुसार, बृजेश पाठक ने जिला अस्पताल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों को मिलने वाले उपचार और साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बताया जा रहा है कि डिप्टी सीएम ने अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार, खराब सीआर मशीन ठीक कराने और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के निर्देश दिए।
इस दौरान कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब पर ब्रजेश पाठक ने पत्रकारों से कहा, “सोनिया गांधी की जो पुस्तक आई है वो कांग्रेस के समय में हुए आपातकाल, बोफोर्स घोटाला, या अन्य घटनाओं को पर्दे के पीछे ढकने के लिए, लोगों को गुमराह करने के लिए एक पुलिंदा तैयार किया गया है। ये भारत की धरती पर नहीं लिखा गया है। विदेशी धरती पर सैम पित्रोदा ने ड्राफ्ट कराया है।”



