उत्तर प्रदेश

‘बिना प्रायश्चित के अखिलेश को अयोध्या में घुसने नहीं देंगे…’ संतों की बैठक में लिया गया फैसला

अयोध्या : सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 12 दिसम्बर को राम मंदिर दौरे से पहले प्रदेश की सियासत गरमाने लगी है। एकतरफ, भाजपा, उन्हें कारसेवकों पर गोली चलवाने के मुद्दे पर घेर रही है तो दूसरी तरफ अयोध्या के संतों की बैठक में ये फैसला लिया गया है कि अगर अखिलेश, तत्कालीन सपा सरकार में अयोध्या में गोलीबारी की घटना को लेकर माफी नहीं मांगते तो उन्हें अयोध्या में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, पूर्व सीएम अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले मणिराम दास छावनी में संतों की महाबैठक हुई। इस बैठक के बाद एक समाचार एजेंसी से बातचीत में महंत सीताराम दास महाराज ने कहा, “12 दिसंबर को रामलला दर्शन करने का आगामी अखिलेश जी का अयोध्या दौरा है, सनातनी होने का जो स्वांग रचने का कुछ ये प्रयास किया जा रहा है इसको लेकर आज अयोध्या के पूज्य धर्माचार्यों और पूज्य संतों ने, सनातनियों ने आगाज़ कर दिया है कि अखिलेश जी, अयोध्या आना है, आओ, लेकिन उन राम भक्तों पर, उन कारसेवकों पर, उन साधु-संतों के ऊपर तुम्हारे पूर्वजों के द्वारा जो कुकृत्य किया गया था, यानी राम भक्तों पर जो गोली चलवाई गई थी, अयोध्या को रक्तरंजित किया गया था, उस महापाप से प्रायश्चित लेना पड़ेगा, संकल्प लेना पड़ेगा, तभी अयोध्या के पवित्र क्षेत्र में आप प्रवेश कर पाओगे…”

बता दें कि 30 अक्टूबर और 2 नवंबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों की भीड़ को विवादित ढांचे (बाबरी मस्जिद) की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने गोली चलाई थी, जिसमें कई कारसेवकों की जान गई थी। उस समय यूपी के सीएम मुलायम सिंह यादव थे। जिन पर भाजपा रामभक्तों की हत्या का आरोप लगाती है।

हालांकि, सपा प्रमुख अखिलेश यादव संसद में इशारों-इशारों में इस कार्रवाई के लिए तत्कालीन प्रमुख सचिव नृपेंद्र मिश्र को जिम्मेदार ठहरा चुके हैं। जो वर्तमान समय में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निर्माण समिति के अध्यक्ष हैं। अखिलेश ने कहा था कि “जिन्होंने गोली चलाई, वो आपका राम मंदिर बना रहे हैं।”

Related Articles

Back to top button