
लखनऊ : यूपी विधानसभा 2027 की तैयारियों के बीच राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ‘घुसपैठिए’ वाले बयान पर बड़ा हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी (डिंपल यादव) न होती तो तुम सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते।
दरअसल, सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को उत्तराखंड महोत्सव-2026 के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मंच से बिना नाम लिए कहा, “पिछले दिनों मैं एक व्यक्ति का बयान सुन रहा था। एक व्यक्ति उत्तराखंड वासियों को कह रहा था कि घुसपैठिये हैं। जबकि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री ही उत्तराखंड के थे। मैंने कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो तुम सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते।”
सीएम ने आगे कहा, “एक तरफ कुछ लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों को गले लगाते हैं, वहीं दूसरी तरफ देवभूमि उत्तराखंड के लोगों के प्रति जहर उगलने का काम करते हैं। यह उनकी संकुचित और विभाजनकारी मानसिकता को दर्शाता है। देवभूमि के वीरों, सैनिकों और देश की रक्षा में उनके योगदान पर उंगली उठाना छोटी सोच का परिचायक है।”



