
लखनऊ। अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की ओर से जारी विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की लिस्ट में पीजीआई और केजीएमयू का जलवा देखने को मिला है। स्कोपस में दर्ज शोध पत्रों और उन्हें मिले उद्धरणों के आधार पर बनाने वाली इस सूची में पीजीआई के 18 डॉक्टर व दो पोस्ट-डॉक्टोरल फेलो और केजीएमयू के 10 डॉक्टर जगह बनाने में सफल रहे हैं। जिससे इलाज के साथ चिकित्सा अनुसंधान में इन संस्थानों ने वैश्विक पहचान बनाकर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है।
स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की लिस्ट में पीजीआई के इन वैज्ञानिकों का चयन विभिन्न क्षेत्रों में उनके शोध योगदान के आधार पर किया गया है। जिनमें पीजीआई निदेशक डॉ. आरके धीमान, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के डॉ. राकेश अग्रवाल, डॉ. जयंती कालिता, एंडोक्राइन सर्जरी के डॉ. गौरव अग्रवाल, डॉ. अंशु श्रीवास्तव के अलावा सेवानिवृत्त डॉ. उज्ज्वल पोद्दार, डॉ. यूसी घोषाल, स्व. डॉ. यूके मिश्रा का नाम शामिल है। मेडिकल जेनेटिक्स की रमा देवी मित्तल, नेफ्रोलॉजी के डॉ. नारायण प्रसाद, क्रिटिकल केयर मेडिसिन के डॉ. मोहन गुर्जर ने भी इस उपलब्धि में योगदान दिया है। वहीं, हेपेटोलॉजी के डॉ. अमित गोयल और डॉ. अजय कुमार मिश्रा, बायोस्टैटिस्टिक्स एवं हेल्थ इंफॉर्मेटिक्स के डॉ. प्रभाकर मिश्रा और डॉ. मोना पाठक, एंडोक्राइनोलॉजी के डॉ. रोहित सिन्हा भी सूची में शामिल हैं। इसके अलावा मॉलिक्यूलर मेडिसिन की डॉ. स्वस्ति तिवारी और क्लिनिकल इम्यूनोलॉजी के डॉ. दुर्गा प्रसन्ना मिश्रा शामिल हैं। एंडोक्राइनोलॉजी की पोस्ट-डॉक्टोरल फेलो डॉ. सना रजा और हेपेटोलॉजी की रिसर्च एसोसिएट डॉ. मनीषा दुबे भी सूची में हैं।
केजीएमयू के जिन 10 डॉक्टरों ने विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में जगह बनाई है। उनमें डॉ. सुजीत कुमार कर, डॉ. शैली के. अवस्थी, डॉ. अखिलानंद चौरसिया, डॉ. अब्बास अली मेहदी, डॉ. राजेश कुमार वर्मा, डॉ. शैलेंद्र के. सक्सेना, डॉ. दिव्या मेहरोत्रा, डॉ. सूर्य कांत, डॉ. ज्योति के. सिंह और सेवानिवृत्त डॉ. आरके गर्ग का नाम शामिल है।
बता दें कि स्टैनफोर्ड-एल्सेवियर की यह लिस्ट स्कोपस में दर्ज शोध पत्रों और उन्हें मिले उद्धरणों के आधार पर तैयार की जाती है। इसमें एच-इंडेक्स, सहलेखन और शोध पत्र में वैज्ञानिक की भूमिका जैसे मानक देखे जाते हैं। लिस्ट में दुनिया के टॉप एक लाख वैज्ञानिकों के साथ अपने-अपने क्षेत्र के टॉप दो फीसदी वैज्ञानिकों को शामिल किया जाता है।



