उत्तर प्रदेशस्वास्थ्य

योगी सरकार का बड़ा फैसला : आयुष्मान भारत योजना से जुड़े प्राइवेट हॉस्पिटल के ICU का होगा ऑडिट

लखनऊ : यूपी की योगी सरकार ने मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों के आईसीयू की सुविधाओं के विशेष ऑडिट का फैसला लिया है। स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) निजी अस्पतालों के आईसीयू के बुनियादी ढांचे, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन आपूर्ति, चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ डॉक्टरों, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और संक्रमण नियंत्रण की जांच करा रही है। सभी एजेंसियों को 30 नवंबर तक अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।

स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज की सीईओ अर्चना वर्मा के अनुसार, सीएम योगी आदित्यनाथ प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर लगातार जोर दे रहे हैं। ऐसे में सीएम के निर्देश पर साचीज ने आयुष्मान भारत योजना के तहत लिस्टेड प्राइवेट हॉस्पिटल की आईसीयू सुविधाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए विशेष ऑडिट शुरू कराया है। इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियों को महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य का पत्र और आईसीयू से संबंधित विस्तृत चेकलिस्ट उपलब्ध कराई गई है।

चेकलिस्ट के तहत ऑडिट एजेंसियां अस्पतालों में आईसीयू की वास्तविक क्षमता और उपलब्ध संसाधनों का आकलन करेंगी। इसमें प्रत्येक बेड के लिए निर्धारित स्थान, वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मॉनिटर, ऑक्सीजन आपूर्ति और सक्शन सुविधाओं की उपलब्धता की जांच की जाएगी। इसके साथ ही यह भी देखा जाएगा कि अस्पताल में आवश्यक योग्यता वाले चिकित्सक और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध हैं या नहीं। आईसीयू के लिए डॉक्टरों की उपलब्धता, मरीजों के अनुपात में नर्सिंग स्टाफ की तैनाती और 24 घंटे चिकित्सा सेवाओं को भी महत्वपूर्ण मानक बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button