उत्तर प्रदेशराजनीति

यूपी चुनाव 2027 : कांग्रेस ने बैठक में सपा से मांगी 130 सीटें! अमेठी और रायबरेली की सभी सीटों पर ठोका दावा

नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं की अहम बैठक हुई। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई इस बैठक का मुद्दा आगामी चुनाव में सीट बंटवारे पर आपसी सहमति बनाना था। बैठक के बाद दोनों दलों के नेताओं ने एक सुर में कहा कि बैठक सकारात्मक रही। हालांकि, अब कांग्रेस की ओर से रखी गयी मांग को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है।

सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने सोमवार को हुई बैठक में समाजवादी पार्टी से 130 सीटों की मांग की है। इस दौरान पार्टी ने समाजवादी पार्टी की सीटिंग सीटों पर भी अपना दावा ठोका है और अमेठी व रायबरेली की सभी विधानसभा सीटें मांगी है। वहीं, समाजवादी पार्टी एक-एक सीट पर समीकरण को ध्यान में रखे हुए। हालांकि, दोनों पार्टियों के बीच बातचीत का दौर जारी है। बैठक के बाद कांग्रेस और सपा के नेताओं ने कहा कि कल दोबारा बैठक होगी। लेकिन, अभी बैठक का स्थान तय नहीं हो पाया है।

बैठक के बाद क्या बोले सपा और कांग्रेस नेता

दिल्ली में बैठक के बाद आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, “यह बैठक बहुत सकारात्मक रही। मुझे पूरा भरोसा है कि अगले दो से चार दिनों में हम सब कुछ फाइनल कर लेंगे। मैं सीटों की संख्या के बारे में बात नहीं कर रही हूँ, क्योंकि संख्या मायने नहीं रखती। हमने आपस में सहमति बना ली है और जैसा कि मैंने कहा, हम कल फिर मिलेंगे और सब कुछ तय हो जाएगा।”

कांग्रेस के साथ सीट-बंटवारे पर बातचीत के बारे में सपा नेता राम गोपाल यादव ने कहा, “यह बैठक बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। हमने एक-दूसरे के विचार सुने और जल्द ही गठबंधन को अंतिम रूप देंगे। हमें उम्मीद है कि अगले 2-3 दिनों में गठबंधन पूरा हो जाएगा। बातचीत का दूसरा दौर कल होगा।”

Related Articles

Back to top button