
अयोध्या : आज अयोध्या से जनकपुर धाम तक ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ ट्रेन सेवा का शुभारंभ हुआ। यह एक नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा है जो उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलेगी। अयोध्या में नई ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस से वर्चुअली जुड़े। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई।
अयोध्या में ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और गहरे लोगों के बीच संबंध के धागों से बुने हैं। भगवान राम और माता सीता हमारी साझा सभ्यता और आस्था की पहचान हैं। 2018 में जनकपुर की पावन धरती पर मैंने कहा था नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं, नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हुई, इस ऐतिहासिक अवसर ने हमारी साझा आस्था को नई ऊर्जा दी। इसके बाद से करोड़ों श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। 2025 में ही देश और दुनिया से लगभग 30 करोड़ श्रद्धालुओं ने अयोध्या की यात्रा की। आज शुरू की गई ट्रेन सेवा “सरयू-कमला एक्सप्रेस” से हम इस पवित्र रिश्ते को एक नया आयाम दे रहे हैं… ”
रेल मंत्रालय के अनुसार, सप्ताह में सिर्फ एक दिन चलने वाली ये ट्रेन अयोध्या से लेकर जनकपुर तक 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली है। इस दौरान ट्रेन यूपी और बिहार के कई महत्वपूर्ण कस्बों और शहरों से होकर गुजरेगी। सरयू-कमला एक्सप्रेस अपने सोर्स और टर्मिनल स्टेशनों के अलावा मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो हॉल्ट, मधुबनी और जयनगर रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।
सरयू-कमला एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर- 15595) 28 नवंबर से प्रत्येक शनिवार को दोपहर 01:10 बजे (नेपाली समयानुसार) जनकपुर धाम से प्रस्थान करेगी और रविवार को सुबह 08:10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। वापसी में ये (ट्रेन नंबर- 15596) 30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को शाम 05:50 बजे अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी और मंगलवार को दोपहर 12:40 बजे (नेपाली समयानुसार) जनकपुर धाम पहुंचेगी।



