उत्तर प्रदेशगोरखपुरराजनीति

गोरखपुर को मिली 502 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी बोले- पहले सैफई महोत्सव पर खर्च होता था 85 फीसदी बजट

गोरखपुर : सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर 502 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने गीडा की नई वेबसाइट लॉन्च की और हैंडलूम एवं टेक्सटाइल उद्योगों को लेटर ऑफ कम्फर्ट वितरित किए। इस दौरान पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि पहले सैफई महोत्सव पर खर्च होता था संस्कृति विभाग का बजट, आज सभी 403 विधानसभाओं में विकास हो रहा है।

कार्यक्रम में 17,650 करोड़ रुपये के नए निवेश से संबंधित एमओयू हुए, जिससे 50,000 युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। सीएम योगी ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर 463 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चकभोप आवासीय कॉलोनी का शुभारंभ भी किया, जहां गरीब से लेकर हर वर्ग के लिए आवास तथा श्रमिकों के लिए डॉर्मिटरी व सस्ते भोजन की किचन सुविधा उपलब्ध होगी। सीएम योगी ने कहा कि 37 वर्ष पहले स्थापित गीडा के शुरुआती 28-30 वर्ष अंधकारमय थे, क्योंकि खराब सरकारें स्वयं में आपदा होती हैं और परिवारवाद तक सीमित दल कभी विकास नहीं कर सकते। वर्ष 2017 से पहले सरकारी धन कब्रिस्तान की बाउंड्री और गरीबों की जमीन कब्जाने में लगता था। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के कुल बजट का 80 से 85 फीसदी हिस्सा केवल सैफई महोत्सव पर खर्च हो जाता था और शेष प्रदेश के लिए कुछ नहीं बचता था।

सीएम ने आगे कहा कि आज डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव सभी 403 विधानसभाओं में विकास करा रही है। काशी विश्वनाथ धाम, भव्य श्रीराम मंदिर व नई अयोध्या, मां विंध्यवासिनी धाम, मां शाकंभरी धाम, शुकतीर्थ, नैमिषारण्य, कुशीनगर, श्रावस्ती, सद्गुरु रविदास जी के सीर गोवर्धन और संत कबीर की स्थली मगहर का कायाकल्प हुआ है। साथ ही बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, सद्गुरु रविदास, महर्षि वाल्मीकि और ज्योतिबा फुले की प्रतिमाओं, मंदिरों व पार्कों का 4,030 से अधिक स्थानों पर सौंदर्यीकरण कराया गया है। उन्होंने सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला द्वारा आठ मंदिरों के पुनरुद्धार तथा अन्य विधायकों के विकास कार्यों की सराहना की।

Related Articles

Back to top button