
नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अब राजनीति की पिच पर नई पारी शुरू करने की तैयारी में हैं। शमी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से दिल्ली में मुलाकात की है। जिसके बाद उनके आगामी यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा से टिकट मिलने की अटकलें हैं।
जानकारी के अनुसार, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली शनिवार देर रात क्रिकेटर मोहम्मद शमी को अपने साथ लेकर नितिन नबीन के आवास पहुंचे थे। वहीं, इस मुलाकात की तस्वीरें रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। जिसके बाद शमी के अमरोहा सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। इसके अलावा, उनके अल्पसंख्यक मोर्चा का सदस्य बनने की भी चर्चा है।
बता दें कि मोहम्मद शमी यूपी के अमरोहा जिले से ताल्लुक रखते हैं। वह पिछले काफी समय से राष्ट्रीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे हैं। वहीं, शमी ने इसी महीने की शुरुआत में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। अब उनके राजनीति आने की एक बार फिर अटकलें लग रहीं।
पिछले साल वह सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले थे। तब भी ऐसी अटकलें लगी थीं। लेकिन, इस बार भाजपा चीफ से मुलाकात ने इन अटकलों को हवा देने का काम किया। फिलहाल, भाजपा या क्रिकेटर की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है।



