
नई दिल्ली : पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने शनिवार को ज़ूम के ज़रिए बांग्लादेश अवामी लीग की ‘दयामुक्ति’ लाइव सीरीज़ के 98वें एपिसोड संबोधित किया। इस दौरान केवल ऑडियो वाले एक वर्चुअल संबोधन में उन्होंने 1971 की क्रांति का जिक्र किया और कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बिना बांग्लादेश कभी आजाद नहीं हो पाता, और अगर देश को आजादी नहीं मिली होती, तो लोगों को “पाकिस्तानी सेना के जूतों की ठोकरें” सहनी पड़तीं।
अगस्त 2024 में छात्रों के हिंसक विद्रोह के चलते बांग्लादेश से भागकर भारत आयीं की ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं जब बांग्लादेश में फिर से हिंसा भड़क गई है। साथ ही, यह बयान उनके उस ऐलान के कुछ दिनों बाद आया है जिसमें उन्होंने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की बात कही थी। 16 दिसंबर को बांग्लादेश, 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर अपनी जीत का जश्न मनाता है; यह युद्ध हसीना के पिता, शेख मुजीबुर रहमान के नेतृत्व में लड़ा गया था। नई दिल्ली में रह रहीं शेख हसीना की ताजा टिप्पणी को राजनीतिक अहमियत को फिर से हासिल करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि हसीना खुद को को एक ऐसी साहसी नेता के रूप में पेश कर रही हैं जो जेल जाने या मौत का सामना करने के लिए तैयार है।
दूसरी तरफ, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना अपनी पार्टी ‘अवामी लीग’ के साथियों और समर्थकों के साथ एकजुटता दिखाकर, सत्ताधारी BNP सरकार को मुश्किल स्थिति में डालने की कोशिश कर रही हैं। समर्थकों से सत्ता के खिलाफ एकजुट होने की अपील करते हुए, उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “हमें उनके खिलाफ एक साथ खड़ा होना होगा। अगर हमें जीना है, तो हमें सम्मान के साथ जीना होगा।”
हसीना ने अपने संबोधन में किसी व्यक्ति या समूह का नाम लिए बिना कहा, “आज वे एक-एक करके स्वतंत्रता सेनानियों को खत्म कर रहे हैं।” यातना और हिरासत में मौतों का आरोप लगाते हुए, हसीना ने कहा कि कैदियों को दवाइयां और इलाज नहीं दिया गया, और उनकी मौत होने तक उन्हें लगातार प्रताड़ित किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब कैदियों को अस्पताल ले जाया गया, तो उनके रिश्तेदारों को इस बारे में ठीक से सूचित नहीं किया गया। हसीना ने अपने भाषण में मौजूदा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।



