दिल्लीदेशराजनीति

परिसीमन बिल पर Gen-Z से राहुल गांधी बोले- 850 हिंदुस्तान के लोकतंत्र को खत्म करने का नंबर

नई दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को ‘जेन जेड’ (Gen Z) से 850 की संख्या याद रखने को कहा। उन्होंने केंद्र के परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) और लोकसभा सीटों के लिए प्रस्तावित नई सीमा पर निशाना साधा। विपक्ष के नेता ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह महिलाओं के आरक्षण का इस्तेमाल भारत के चुनावी क्षेत्रों को अपने पक्ष में फिर से तय करने के लिए कर रही है।

दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में राहुल ने परिसीमन बिल को लेकर प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा, “हमने BJP का ‘वोट चोरी’ करने का रास्ता बंद किया, तो ये उसे खोलने की कोशिश कर रहे हैं। आज लोकसभा में 543 सीटें हैं, लेकिन BJP कह रही है कि हमें 543 नहीं, बल्कि 850 सीटें चाहिए। क्योंकि ये चुनाव निर्वाचन क्षेत्र के नक्शे का पुनर्निर्धारण करना चाहते हैं। 543 में इन्हें मनमानी करने के लिए कम जगह मिलेगी और 850 में इनको अनगिनत मौके मिलेंगे।”

राहुल ने आगे कहा, “Gen-Z समझिए- 850 हिंदुस्तान के लोकतंत्र को खत्म करने का नंबर है। आज आप Data के साथ सब कुछ पता कर सकते हो कि कहां दलित ज्यादा हैं, कहां आदिवासी ज्यादा हैं और कहां किसान ज्यादा हैं।” उन्होंने कहा, “सवाल उठता है कि परिसीमन कौन करेगा, तो परिसीमन कमीशन में तीन लोग होंगे। पहले: सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज होंगे, जिसे मोदी-शाह चुनेंगे। दूसरे: मुख्य चुनाव आयुक्त यानी ज्ञानेश कुमार। तीसरा: वह होगा, जिसे ज्ञानेश कुमार चुनेंगे। यानी- परिसीमन कमीशन में फुल कंट्रोल नरेंद्र मोदी और अमित शाह का होगा। उधर ज्ञानेश कुमार को Immunity दी हुई है और उसके फैसले को कोई कोर्ट में चैलेंज भी नहीं कर सकेगा। तो ये सीधे तौर पर अंबेडकर जी द्वारा बनाए गए संविधान की हत्या हो रही है।”

विपक्ष के नेता ने आरोप लगाते हुए कहा, “सवाल है: परिसीमन के बाद सामाजिक न्याय का क्या होगा- तो इसका जवाब है कि 40 साल के लिए इसे भूल जाइए। OBC, दलित और आदिवासी शब्द भूल जाइए, यानी इनकी जनसंख्या तो बढ़ेगी लेकिन प्रतिनिधित्व नहीं बढ़ेगा, क्योंकि मोदी इस पर रोक लगा देंगे। ये पूरा ड्रामा 2011 की जनगणना के आधार पर होगा और BJP सीधे तौर पर OBC, SC/ST और अल्पसंख्यकों को disenfranchise कर रही है। महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका है, BJP इसे कल से ही लागू कर सकती है, लेकिन वो करेगी नहीं.. सच्चाई यह है कि मुद्दा महिला आरक्षण नहीं, असल में यह SC/ST की सीटों को लॉक करने की कोशिश है।

कांग्रेस नेता ने कहा, “850 का नंबर… GENZ के भविष्य को, रोजगार को खत्म करने और देश का पूरा धन अडानी को देने का नंबर है। लेकिन अगर मोदी-शाह सोच रहे हैं कि इन्होंने पहले ‘वोट चोरी’ की और अब परिसीमन के जरिए लोकतंत्र को खत्म कर देंगे। तो ये GENZ और मुझे पहचान नहीं पा रहे, क्योंकि हम इन्हें छोड़ेंगे नहीं। हम भारत के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करते रहेंगे।”

Related Articles

Back to top button