उत्तर प्रदेशबलरामपुरराजनीति

महिला आरक्षण लागू करने के लिए यूपी के सभी सांसद परिसीमन बिल का समर्थन करें : सीएम योगी

बलरामपुर : पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा की सीटों में सभी राज्यों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव पर मुहर लग गयी। जिसके बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी लोकसभा सांसदों से संसद के विशेष सत्र के दौरान परिसीमन बिल को समर्थन देने की अपील की, ताकि महिलाओं को लोकसभा व विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण दिये जाने का रास्ता साफ हो सके।

शीतकालीन सत्र से पहले विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल पेश किया जाना है। सरकार बिल को पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाने में लगी है। वहीं, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को एक्स पोस्ट में कहा, “यूनियन कैबिनेट के द्वारा परिसीमन बिल पास करने पर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और यूनियन कैबिनेट का हृदय से धन्यवाद…मैं उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा के माननीय सांसदों से अपील करूंगा कि वे इस बिल का समर्थन करें और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने में अपना योगदान दें।”

बलरामपुर में सीएम योगी ने समाचार एजेंसियों से कहा, “केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन बिल पास करने के अवसर पर मैं प्रधानमंत्री और केंद्रीय कैबिनेट का हृदय से धन्यवाद करता हूं। हम आभारी हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संसद से पहले ही पास हो चुका है। कैबिनेट के द्वारा इस बिल के 2029 में लागू करने का मार्ग प्रशस्त होने के साथ ही यह सुनिश्चित हो गया है कि संसद और विधानसभा में 50 फीसदी जो सीटें बढ़ेंगी, उसके कारण 33 फीसदी महिला आरक्षण का रास्ता प्रशस्त हो जाएगा….”

उन्होंने कहा, “आधी आबादी को देश की संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 फीसदी प्रतिनिधित्व देने की जो यह पहल है, यह स्वागत योग्य है और एक समय सीमा के अंदर यह लागू हो जाए, यह अभिनंदनीय है। मैं उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा के सांसदों से अपील करूंगा कि वे इस बिल का समर्थन करें और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने में अपना योगदान दें। यह नारी शक्ति के सशक्तिकरण से समृद्ध भारत का मार्गप्रशस्त करने का एक बेहतरीन अवसर है।”

Related Articles

Back to top button