
वाराणसी : उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने आज वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित ‘काशी तमिल संगमम्’ के पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2022 में एक अभिनव पहल के रूप में शुरू हुआ ‘काशी तमिल संगमम्’ आज सांस्कृतिक एकात्मता के व्यापक अभियान का स्वरूप ले चुका है। यह आयोजन हमें स्मरण कराता है कि राष्ट्र केवल भौगोलिक सीमाओं से नहीं, बल्कि उन आत्मीय संबंधों से बनता है, जो हृदय को हृदय से जोड़ते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में 12 दिसम्बर तक चलने वाले काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण के उद्घाटन पर सीएम योगी ने कहा कि काशी-तमिल संगमम् का आयोजन आज भारत की उस सनातन परंपरा का उत्सव बन गया है, जहां भाषाएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन भाव एक हैं। परंपराएं भले ही विविध हों, लेकिन संस्कृति एक है। यही प्रधानमंत्री मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी अविनाशी काशी में माँ गंगा के पावन तट पर आयोजित ‘काशी-तमिल संगमम्’ भारत की उस सनातन परंपरा का आज एक उत्सव बन गया है, जहां भाषाएं अलग-अलग हैं, लेकिन भाव एक है। यही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का लक्ष्य है— ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’। इस आयोजन में तमिलनाडु से पधारे सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता की अनुभूति हो रही है।
सीएम योगी ने आगे कहा कि काशी में 12 दिसंबर, 2026 तक आयोजित हो रहे ‘काशी तमिल संगमम्’ के पांचवें संस्करण की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम’ रखी गई है, अर्थात् ‘तिरुक्कुरल का अभ्यास करें’। इससे पूर्व ‘तमिल करकलाम’ थीम के माध्यम से उत्तर भारत के लोगों को तमिल भाषा सीखने का अवसर मिला था। इस बार हमें तमिल की कालजयी ज्ञान परंपरा और उसके जीवन-मूल्यों से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता में ‘संगम’ का अर्थ केवल दो धाराओं का मिलना नहीं, बल्कि मिलकर एक बड़ी धारा को आगे बढ़ाना है। काशी और तमिलनाडु भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता की दो प्राचीन और शाश्वत धाराएं हैं। तमिलनाडु में स्थित ‘तेनकाशी’ अर्थात् दक्षिण की काशी, इन दोनों क्षेत्रों के आत्मीय संबंधों का जीवंत प्रमाण है।



