खेल

IND vs NZ : मैच हारते-हारते बची टीम इंडिया, बारिश ने रख ली लाज

IND vs NZ 2nd ODI : वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में शनिवार को खेले गए दूसरे वनडे मैच में भारत और न्यूज़ीलैंड के फैंस की धड़कनें बढ़ा रखी थी। इस मैच में भारत ने मेजबान टीम को पहली पारी में 134 रन समेट दिया था। लेकिन, दूसरी पारी में तेज गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की जबरदस्त वापसी कराई और 135 का लक्ष्य पहाड़ जैसा लगने लगा। इस बीच, बारिश ने खलल डाला और मैच दोबारा शुरू नहीं हो पाया। आखिरकार भारत ने DLS नियम के तहत 4 रनों से जीत दर्ज की। टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली है।

बारिश के कारण मैच एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। ऐसे मे ओवर घटाकर 47-47 ओवर का मैच कर दिया गया था। टॉस जीतकर कप्तान शुभमन गिल ने पहले गेंदबाजी चुनी और तेज गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। नई गेंद से शुरुआत करते हुए आकिब नबी ने न्यूजीलैंड के दोनों ओपनर्स को जल्दी पवेलियन वापस भेज दिया। अंशुल कंबोज ने अपने पहले ही ओवर में विकेट लिया, जिससे मेजबान टीम 23/3 की स्थिति में आ गई। अर्शदीप को भले ही कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने नई गेंद से बल्लेबाजों को कोई आसान मौका नहीं दिया। हालांकि, डेरिल मिशेल और टॉम लैथम ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजी काफी अनुशासित थी, जिससे बल्लेबाज लय हासिल करने के लिए संघर्ष करते रहे। 21 रन के स्कोर पर मिशेल को जीवनदान मिला, जब अंशुल कंबोज की गेंद पर गिल ने उनका कैच छोड़ दिया। कुछ ओवर बाद, गुरनूर बराड़ ने एक ही ओवर में लैथम और ग्लेन फिलिप्स को बाउंसर से आउट कर दिया, जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर 53/5 हो गया।

इसके बाद मुश्किल में दिख रही अपनी टीम मिशेल और कप्तान मिचेल सैंटनर ने थोड़ी देर के लिए राहत की सांस लेने का मौका दिया। दोनों ने अहम अर्धशतकीय साझेदारी की, लेकिन जैसे ही यह साझेदारी टूटी, न्यूजीलैंड की पारी तेजी से बिखर गई। मिशेल अक्षर की गेंद को हवा में उछालने के चक्कर में लॉन्ग-ऑफ पर कैच आउट हो गए, और ठीक अगले ओवर में सैंटनर भी बराड़ का शिकार बन गए। न्यूजीलैंड ने अपने आखिरी 5 विकेट सिर्फ 22 रन के अंदर गंवा दिए। भारत ने न्यूजीलैंड को 41 ओवर में 134 रन पर समेट दिया।

तेज गेंदबाजों के लिए मददगार पिच पर भारत के लिए बराड़ ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके, जबकि आकिब, अक्षर और कंबोज की दो-दो विकेट मिले। दूसरी पारी में 135 रनों का लक्ष्य आसान लग रहा था। लेकिन, जैकब डफी ने उन दो बल्लेबाजों को आउट किया जो पिछले मैच में सबसे सहज दिख रहे थे। भारतीय कप्तान शुभमन गिल पहली ही गेंद पर आउट हो गए (गोल्डन डक), जबकि विराट कोहली ने एक शानदार कवर ड्राइव के साथ अपना खाता तो खोला, लेकिन कुल 7 रन ही बना सके। रोहित शर्मा कई बार बीट हुए। उन्होंने चार चौके तो लगाए, लेकिन आखिरकार काइल जेमिसन का शिकार बने।

नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने आए अक्षर पटेल ने थर्ड मैन की ओर आसान कैच दे दिया, जिससे भारत का स्कोर 47/4 हो गया। जिसके बाद उपकप्तान श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने पांचवें विकेट के लिए 39 रन जोड़कर पारी को कुछ हद तक संभाला, लेकिन फिर अय्यर, जेमिसन की एक तेज इन-सीमिंग बाउंसर पर आउट हो गए। नमन धीर ने कुछ चौके लगाए, लेकिन पुल शॉट खेलने के चक्कर में कैच आउट हो गए। जेमिसन ने अपने आखिरी ओवर में अंशुल कंबोज को आउट करके अपना तीसरा विकेट लिया। जिससे मैच बराबरी पर आ खड़ा हुआ।

भारत को जब 21 ओवर में 22 रनों की जरूरत थी और न्यूजीलैंड को जीत के लिए केवल तीन विकेट बचे थे, तभी बारिश आ गई और रुकने का नाम ही नहीं ले रही थी, जिससे मैच में एक नया मोड़ आ गया। मैच दोबारा शुरू नहीं हो पाया और DLS नियम से भारत 4 रन से आगे चल रहा था, इसलिए उसे जीत मिली। इस मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाले गुरनूर बराड़ को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Related Articles

Back to top button