
लखनऊ : भगवान राम की पावन नगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव से पहले बड़ी खबर सामने आयी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव 12 दिसंबर को राम मंदिर के दर्शन करने जाएंगे। इस धार्मिक दौरे पर अखिलेश के साथ उनका परिवार रहेगा। ये जानकारी पूर्व मंत्री और सपा नेता पवन पांडेय ने दी है, जिन्हें सपा प्रमुख ने अपने राम मंदिर दर्शन कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी थी।
एक निजी टीवी चैनल के कार्यक्रम में सपा नेता पवन पांडेय ने कहा कि पूर्व सीएम अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे और अपनी पत्नी पत्नी डिंपल यादव व बच्चों के साथ राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। वह अयोध्या में पूरा दिन बिताएंगे। पांडेय के अनुसार, अखिलेश राम मंदिर के दर्शन के बाद हनुमानगढ़ी में दर्शन के लिए जाएंगे और साधु-संतों व महंतों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह प्रसाद भी ग्रहण करेंगे।
राम मंदिर में चंदा चोरी का जिक्र करते हुए पवन पांडेय ने कहा कि अखिलेश यादव रामलला और हनुमान जी से प्रार्थना करेंगे। वह उन लोगों के खिलाफ न्याय की विनती करेंगे, जिन्होंने राम मंदिर में चोरी की।
बता दें कि अखिलेश यादव 8 अक्टूबर 2026 को अयोध्या में पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय के पैतृक आवास श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने गए थे। लेकिन, वह राम मंदिर दर्शन करने के लिए नहीं गए थे। जिसको लेकर भाजपा और उसके सहयोगियों ने उन्हें घेरा था। उस समय अखिलेश ने अपने दर्शन कार्यक्रम की जिम्मेदारी पवन पांडेय को सौपी थी।
अयोध्या में पत्रकारों ने अखिलेश से रामलला के दर्शन को लेकर सवाल किया था। इस पर उन्होंने कहा था, “जो पूर्व में संकल्प लिया था मैंने… केदारेश्वर धाम के पूर्ण होने के बाद के राम मंदिर के दर्शन के लिए जाएंगे। लेकिन, साथ ही साथ मैं अपनी पार्टी नेता जिन्होंने हमें निमंत्रण पर बुलाया पवन पांडेय जी से कहूंगा कि एक तारीख निकलवाईये। हम सब दर्शन के लिए पहुंचेंगे।”



