उत्तर प्रदेशराजनीति

अखिलेश ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का पैतृक मकान तोड़ने का लगाया आरोप, भाजपा बोली- झूठ और भ्रम की राजनीति आखिर कब तक करेंगे

वाराणसी : यूपी के पूर्व सीएम सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर ‘भारत रत्न बिस्मिल्लाह खान’ का गिराने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के संगी-साथी ‘कला और कलाकारों’ के हमेशा ख़िलाफ़ रहते हैं। इस पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि वह झूठ और भ्रम की राजनीति आखिर कब तक करेंगे।

अखिलेश के एक्स पोस्ट का जवाब देते हुए यूपी भाजपा ने लिखा, “झूठ और भ्रम की राजनीति आखिर कब तक करेंगे अखिलेश यादव जी? सच्चाई यह है कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान साहब के पैतृक मकान को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच संपत्ति विवाद था, जो अब सुलझ चुका है। मकान की जर्जर स्थिति को देखते हुए भाजपा सरकार वहां संग्रहालय बनवाने की दिशा में काम कर रही है, ताकि उनकी शहनाई, पुरस्कारों और अनमोल सांगीतिक विरासत को संरक्षित किया जा सके।”

सपा प्रमुख पर पलटवार करते हुए सत्ताधारी पार्टी ने आगे लिखा, “लेकिन आपको विरासत को संरक्षित करने की इस पहल में भी बुलडोजर और नफरत दिखाई दे रही है। तथ्यों को जाने बिना झूठे आरोप लगाकर समाज में भ्रम फैलाना आपकी राजनीति का पुराना तरीका बन चुका है। जनता अब समझ रही है कि आपने मुसलमानों को केवल अपने वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया है, उनके सम्मान, विरासत और वास्तविक हितों की आपको कभी चिंता नहीं रही।”

इससे पहले शनिवार को अखिलेश यादव ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वाराणसी स्थित ‘भारत रत्न बिस्मिल्लाह खान’ पर बुलडोजर चलाये जाने का दावा किया गया है। इसके साथ उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा, “जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद करना? भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के संगी-साथी ‘कला और कलाकारों’ के हमेशा ख़िलाफ़ रहते हैं क्योंकि इन पुरातनपंथी-रूढ़िवादियों की ये संकरी मानसिकता होती है कि रचनात्मक लोग ही समाज में परिवर्तन की भूमि और भूमिका बनाते हैं। सकारात्मक कला सहृदयता को जन्म देती है और सहनशीलता को भी। इसीलिए कला के हर रूप को ये अपने एजेंडे के रास्ते में रोड़ा मानते हैं या फिर कला को अपने एजेंडे के लिए इस्तेमाल करके उसको नकारात्मक बना देना चाहते हैं।”

पूर्व सीएम ने आगे कहा, “जिनके आगे ‘भारत रत्न’ लगा हो उनकी मिलीजुली विरासत को ध्वस्त करना, उनके मान-सम्मान के साथ-साथ ‘भारत’ के मान को भी ध्वस्त करने के समान है। भाजपा नफ़रत की आग में जलकर देश को नुक़सान पहुँचा रही है। सरकार में आने पर हम ‘भारत रत्न बिस्मिल्लाह ख़ान’ जी की सांगीतिक धरोहर को बचाने के लिए ‘श्रवण-संग्रहालय’ बनाएंगे घोर निंदनीय!”

Related Articles

Back to top button