उत्तर प्रदेश

जब श्री राम जन्मभूमि पर दीप जलें, तब अपने-अपने घर-आंगन में भी दीप जलाएं : सीएम योगी

लखनऊ : “आज हम सभी माँ सरयू को साक्षी मानकर प्रभु श्री राम की प्राणों से प्रिय नगरी में 10वां दीपोत्सव मनाने जा रहे हैं। अयोध्या का दीपोत्सव हमारी आस्था, आत्मगौरव और सनातन चेतना के पुनर्जागरण का महापर्व है। जब श्री राम जन्मभूमि पर दीप जलें, तब आप अपने-अपने घर-आंगन में भी दीप जलाएं।” ये बातें सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम शनिवार को कही।

अयोध्या में 10वें भव्य दीपोत्सव से पहले सीएम योगी ने एक्स पोस्ट में कहा, “दीपक केवल मिट्टी का एक पात्र नहीं, चेतना का जागरण है। वह युगों से हमें सीख दे रहा है कि अंधकार से लड़ना नहीं होता, केवल एक ज्योति जलानी होती है और अंधकार विदा हो जाता है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के आगमन के हर्षोल्लास में सप्तपुरियों में श्रेष्ठ श्री अयोध्या धाम में आयोजित होने वाला पावन दीपोत्सव इसका साक्षात दर्शन कराता है।”

सीएम ने एक अन्य पोस्ट में कहा, “आज पावन, पुण्यसलिला माँ सरयू की गोद में बसी धर्मनगरी श्री अयोध्या धाम अलौकिक उल्लास, गौरव और भक्ति के महाकुंभ ‘दिव्य दीपोत्सव’ हेतु पूर्ण रूप से सज्जित है। वर्षों की प्रतीक्षा और करोड़ों सनातनी आस्थाओं का यह पावन प्रतिफल आज पुनः लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा बनकर अंधकार पर प्रकाश, सत्य और धर्म की शाश्वत विजय का उद्घोष करने जा रहा है। अवधपुरी का कण-कण आज आह्लादित है, स्पंदित है।”

उन्होंने कहा, “इस दिव्य-भव्य आयोजन की गरिमा बढ़ाने पधार रहे माननीय उपराष्ट्रपति जी, विभिन्न मित्र देशों के सम्मानित राजदूत, उच्चायुक्त, राजनयिक एवं देश-विदेश से पधारे समस्त विशिष्ट अतिथियों, पूज्य साधु-संतों व रामभक्तों का प्रभु श्री राम की पावन जन्मभूमि पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। समता, समरसता, सांस्कृतिक एकात्मता और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के इस पावन पर्व में आप सभी का सान्निध्य इस दीपोत्सव को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाएगा। आइए, धर्म, मर्यादा और आलोक के इस महापर्व के साक्षी बनें।”

बता दें कि राम की पैड़ी के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीये प्रज्ज्वलित जाएंगे। इसके अलावा, अयोध्या के अलग-अलग स्थानों पर तीन लाख दीये जलाए जाएंगे। वहीं, आकाश में आसमान में 2,100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए भगवान राम के जीवन और रामायण की विभिन्न कथाओं/प्रसंगों को जीवंत किया जाएगा। इसके अलावा, कई भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होना है। जिसमें देश-विदेश से आए कलाकार हिस्सा लेंगे।

Related Articles

Back to top button