अपराधउत्तर प्रदेशमेरठ

मेरठ : पति का मर्डर कर सांप छोड़ने वाली रविता को होगी फांसी, प्रेमी को भी सजा-ए-मौत

मेरठ। नीले ड्रम वाली मुस्कान रस्तोगी की तरह अपने पति की हत्या की साजिश रचने वाली रविता को भी कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। इस जुर्म में उसका साथ देने वाले प्रेमी अमरदीप को भी फांसी होगी। अमित कश्यप हत्याकांड में 547 दिन बाद मेरठ जिला कोर्ट ने दोषियों को सजा सुनाई है। दोषी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या के बाद उसके शव पर सांप छोड़ दिया था। जिससे लोगों को लगे कि उसकी मौत सांप के काटने से हुई है।

अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे-12) जयवीर सिंह नागर ने सजा सुनाने से पहले रविता और अमरदीप का पक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुना। जज ने दोनों से पूछा- तुम दोनों को हत्या का दोषी ठहराया गया है। क्या सजा चाहते हो?इस पर रविता ने कहा- मेरे 3 छोटे-छोटे बच्चे हैं। उनका ख्याल रखा जाए। फिर वह चुप हो गई। इसके बाद अमरदीप ने कहा- मेरे मां-बाप बूढ़े हैं। उनकी सेवा करने वाला कोई नहीं है। उनकी देखभाल में कोई कमी न रहे। फिर दोनों रोने लगे।

जज ने नीला ड्रम हत्याकांड का नाम लिए बगैर कहा- ‘केवल काट डालना ही जघन्य अपराध नहीं है।’ उन्होंने फैसले में सती सावित्री का जिक्र किया और कहा- ‘पति की लंबी उम्र के लिए पत्नी करवाचौथ का व्रत करती है, लेकिन यहां प्रेमी के साथ ये कृत्य किया जो माफी लायक नहीं है।’ बता दें कि मेरठ कोर्ट ने पिछले 3 दिन में 4 दोषियों को फांसी की सजा सुनाई है। दो दिन पहले 14 अक्टूबर को नीले ड्रम वाली मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को फांसी की सजा सुनाई गई थी।

Related Articles

Back to top button